अध्याय बारह – भगवान रामचन्द्र के पुत्र कुश की वंशावली(9.12)
1 श्रील शुकदेव गोस्वामी ने कहा: रामचन्द्र का पुत्र कुश हुआ, कुश का पुत्र अतिथि था, अतिथि का पुत्र निषध और निषध का पुत्र नभ था। नभ का पुत्र पुण्डरीक हुआ जिसके पुत्र का नाम क्षेमधन्वा था।
2 क्षेमधन्वा का पुत्र देवानीक था और देवानीक का पुत्र अनीह हुआ जिसके पुत्र का नाम पारियात्र था। पारियात्र का पुत्र बलस्थल था, जिसका पुत्र वज्रनाभ हुआ जो सूर्यदेव के तेज से उत्पन्न बतलाया जाता है।
3-4 वज्रनाभ का पुत्र सगण हुआ और उसका पुत्र विधृति हुआ। विधृति का पुत्र हिरण्यनाभ था जो जैमिनी का शिष्य और फिर योग का महान आचार्य बना। इन्हीं हिरण्यनाभ से ऋषि याज्ञवल्क्य ने अध्यात्म योग नामक योग की अत्युच्च प्रणाली सीखी जो हृदय की भौतिक आसक्ति की गाँठ को खोलने में समर्थ है।
5 हिरण्यनाभ के पुत्र का नाम पुष्प था जिससे ध्रुवसंधि नामक पुत्र हुआ। ध्रुवसंधि का पुत्र सुदर्शन और उसका पुत्र अग्निवर्ण था। अग्निवर्ण के पुत्र का नाम शीघ्र था और उसके पुत्र का नाम मरु था।
6 योगशक्ति में सिद्धि प्राप्त करके मरु अब भी कलाप ग्राम नामक स्थान में रह रहा है। वह कलियुग की समाप्ति पर पुत्र उत्पन्न करेगा जिससे विनष्ट सूर्यवंश पुनरुज्जीवित होगा।
7 मरु से प्रसुश्रुत नामक पुत्र उत्पन्न हुआ जिससे संधि, फिर संधि से अमर्षण और अमर्षण से महस्वान नामक पुत्र उत्पन्न हुआ। महस्वान से विश्वबाहु का जन्म हुआ।
8 विश्वबाहु से प्रसेनजित नामक पुत्र उत्पन्न हुआ जिससे तक्षक और तक्षक से बृहद्वल हुआ जो तुम्हारे पिता द्वारा युद्ध में मारा गया।
9 ये सारे राजा इक्ष्वाकु वंश में हो चुके हैं। अब उन राजाओं के नाम सुनो जो भविष्य में होंगे। बृहद्वल से बृहद्रण का जन्म होगा।
10 बृहद्रण का पुत्र उरुक्रिय होगा जिसके वत्सवृद्ध नामक पुत्र उत्पन्न होगा। वत्सवृद्ध के पुत्र का नाम प्रतिव्योम और उसके पुत्र का नाम भानु होगा जिससे महान सेनापति दिवाक नाम का पुत्र जन्म लेगा।
11 तत्पश्चात दिवाक का पुत्र सहदेव होगा और उसका पुत्र महान वीर बृहदाश्व होगा। बृहदाश्व से भामुमान होगा जिससे प्रतीकाश्व नाम का पुत्र होगा। प्रतीकाश्व का पुत्र सुप्रतीक होगा।
12 तत्पश्चात सुप्रतीक से मरुदेव, मरुदेव से सुनक्षत्र, सुनक्षत्र से पुष्कर और पुष्कर से अन्तरिक्ष होगा जिसका पुत्र सुतपा होगा। सुतपा का पुत्र अमित्रजित होगा।
13 अमित्रजित से बृहद्राज होगा, बृहद्राज से बर्हि, बर्हि से कृतञ्जय, कृतञ्जय से रणञ्जय और रणञ्जय से सञ्जय नामक पुत्र उत्पन्न होगा।
14 सञ्जय से शाक्य, शाक्य से शुद्धोद, शुद्धोद से लांगल और लांगल से प्रसेनजित तथा प्रसेनजित से क्षुद्रक उत्पन्न होगा।
15 क्षुद्रक का पुत्र रणक, रणक का सूरथ, सूरथ का पुत्र सुमित्र होगा और इस तरह वंश का अन्त हो जायेगा। यह बृहद्वल के वंश का वर्णन है।
16 इक्ष्वाकु वंश का अन्तिम राजा सुमित्र होगा, उसके बाद सूर्यदेव के वंश में और कोई पुत्र न होगा और इस वंश का अन्त हो जायेगा।
(समर्पित एवं सेवारत - जगदीश चन्द्र चौहान)
Comments
हरे राम हरे राम राम राम हरे हरे 🙏