10847922476?profile=RESIZE_584x

अध्याय आठ – राजा परीक्षित द्वारा पूछे गये प्रश्न(2.8)

1 राजा परीक्षित ने श्रील शुकदेव गोस्वामी से पूछा कि नारद मुनि ने, जिनके श्रोता ब्रह्माजी द्वारा उपदेशित श्रोता जितने ही भाग्यशाली हैं, किस प्रकार भौतिक गुणों से रहित भगवान के दिव्य गुणों का वर्णन किया और वे किन-किन के समक्ष बोले?

2 राजा ने कहा: मैं यह जानने का इच्छुक हूँ। अद्भुत शक्तियों से सम्पन्न भगवान से सम्बन्धित कथाएँ निश्चय ही समस्त लोकों के जीवों के लिए शुभ हैं।

3 हे परम भाग्यशाली श्रील शुकदेव गोस्वामी, आप मुझे कृपा करके श्रीमदभागवत सुनाते रहें जिससे मैं अपना मन परमात्मा, भगवान श्रीकृष्ण में स्थिर कर सकूँ और इस प्रकार भौतिक गुणों से सर्वथा मुक्त होकर अपना यह शरीर त्याग सकूँ ।

4 जो लोग नियमित रूप से श्रीमदभागवत सुनते हैं और इसे अत्यन्त गम्भीरतापूर्वक ग्रहण करते हैं, उनके हृदय में अल्प समय में ही भगवान श्रीकृष्ण प्रकट हो जाते हैं।

5 परमात्मा रूप भगवान श्रीकृष्ण का शब्दावतार (अर्थात श्रीमदभागवत) स्वरूप-सिद्ध भक्त के हृदय में प्रवेश करता है, उसके भावात्मक सम्बन्ध रूप कमल-पुष्प पर आसीन हो जाता है और इस प्रकार काम, क्रोध तथा लोभ जैसी भौतिक संगति की धूल को धो डालता है। इस प्रकार यह गंदले जल के तालाबों में शरद ऋतु की वर्षा के समान कार्य करता है।

6 भगवान का शुद्ध भक्त, जिस का हृदय एक बार भक्तिमय सेवा के द्वारा स्वच्छ हो चुका होता है, वह भगवान श्रीकृष्ण के चरणकमलों का कभी भी परित्याग नहीं करता, क्योंकि उसे भगवान वैसी ही परम तुष्टि देते हैं, जैसी कि कष्टकारी यात्रा के पश्चात पथिक को अपने घर में प्राप्त होती है।

7 हे विद्वान ब्राह्मण, दिव्य आत्मा भौतिक देह से पृथक है। तो फिर क्या उसे (आत्मा को)अकस्मात ही देह की प्राप्ति होती है या किसी कारणवश? आपको यह ज्ञात है, अतः कृपा करके मुझे समझाइये।

8 यदि पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान, जिनके उदर से कमलनाल बाहर निकला है, अपने माप के अनुसार विराट शरीर धारण कर सकते हैं, तो फिर भगवान के शरीर तथा सामान्य जीवात्माओं के शरीर में कौन-सा विशेष अन्तर है?

9 ब्रह्माजी जो किसी भौतिक स्रोत से नहीं, अपितु भगवान की नाभि से प्रकट होने वाले कमल के फूल से उत्पन्न हुए है, वे उन सबके स्रष्टा हैं जो इस संसार में जन्म लेते हैं। निस्सन्देह भगवत्कृपा से ही ब्रह्माजी भगवान के स्वरूप को देख सके।

10 कृपया उन भगवान के विषय में भी बताएँ जो प्रत्येक हृदय में परमात्मा और समस्त शक्तियों के स्वामी के रूप में स्थित हैं, किन्तु जिनकी बहिरंगा शक्ति उनका स्पर्श तक नहीं कर पाती।

11 हे विद्वान ब्राह्मण, इसके पूर्व व्याख्या की गई थी कि ब्रह्माण्ड के समस्त लोक अपने-अपने लोकपालकों सहित विराट पुरुष के विराट शरीर के विभिन्न अंगों में ही स्थित हैं। मैंने यह भी सुना है कि विभिन्न लोकमण्डल विराट पुरुष के विराट शरीर में स्थित माने जाते हैं। किन्तु उनकी वास्तविक स्थिति क्या है? कृपा करके मुझे समझाइये।

12 कृपा करके सृष्टि तथा प्रलय के मध्य की अवधि (कल्प) तथा अन्य गौण सृष्टियों (विकल्प) एवं भूत, वर्तमान तथा भविष्य शब्द से सूचित होने वाले काल के विषय में भी मुझे बताएँ। साथ ही, ब्रह्माण्ड के विभिन्न लोकों के विभिन्न जीवों यथा देवों, मनुष्यों इत्यादि की आयु की अवधि के विषय में भी मुझे बताएँ।

13 हे ब्राह्मणश्रेष्ठ, कृपा करके मुझे काल की लघु तथा दीर्घ अवधियों एवं कर्म की प्रक्रिया के क्रम में काल के शुभारम्भ के विषय में भी बतलाएँ।

14 इसके आगे आप कृपा करके बताएँ कि किस प्रकार भौतिक प्रकृति के विभिन्न गुणों से उत्पन्न फलों का आनुपातिक संचय, इच्छा करनेवाले जीव पर अपना प्रभाव दिखाते हुए उसे विभिन्न योनियों में देवताओं से लेकर अत्यन्त क्षुद्र प्राणियों तक को – ऊपर उठाता या नीचे गिराता है।

15 हे ब्राह्मणश्रेष्ठ, कृपा करके यह भी बताएँ कि ब्रह्माण्ड भर के गोलकों, स्वर्ग की चारों दिशाओं, आकाश, ग्रहों, नक्षत्रों, पर्वतों, नदियों, समुद्रों तथा द्वीपों एवं इन सबके विविध प्रकार के निवासियों की उत्पत्ति किस प्रकार होती है ?

16 साथ ही कृपा करके ब्रह्माण्ड के बाहरी तथा भीतरी विशिष्ट विभागों, महापुरुषों के चरित्र तथा कार्यों और विभिन्न वर्णों एवं जीवन के चारों आश्रमों के वर्गीकरण का भी वर्णन करें।

17 कृपा करके सृष्टि के विभिन्न युगों तथा उन सबकी अवधियों का वर्णन कीजिये। मुझे विभिन्न युगों में भगवान के विभिन्न अवतारों के कार्य-कलापों के विषय में भी बतलाइये।

18 कृपा करके यह भी बताइये कि मानव समाज के सामान्य धार्मिक सम्पर्क सूत्र क्या हों, धर्म में उनके विशिष्ट कर्तव्य क्या हों, सामाजिक व्यवस्था तथा प्रशासकीय राजकीय व्यवस्था का वर्गीकरण तथा विपत्तिग्रस्त मनुष्य का धर्म क्या हो?

19 कृपा करके सृष्टि के तत्त्वमूलक सिद्धान्तों, इन सिद्धान्तों की संख्या, इनके कारणों तथा इनके विकास और इनके साथ-साथ भक्ति की विधि तथा योगशक्तियों की विधि के विषय में भी बताइये।

20 महान योगियों के ऐश्वर्य क्या हैं और उनकी परम गति क्या है ? पूर्ण योगी किस प्रकार सूक्ष्म शरीर से विरक्त होता है ? इतिहास की शाखाओं तथा पूरक पुराणों समेत वैदिक साहित्य का मूलभूत ज्ञान क्या है ?

21 कृपा करके मुझे बताइये कि जीवों की उत्पत्ति, पालन और उनका संहार किस प्रकार होता है? भगवान की भक्तिमय सेवा करने से जो लाभ तथा हानियाँ होती हैं, उन्हें भी समझाइये। वैदिक अनुष्ठान तथा उपवैदिक धार्मिक कृत्यों के आदेश क्या हैं? धर्म, अर्थ तथा काम के साधनों की विधियाँ क्या हैं?

22 कृपया यह भी समझाएँ कि भगवान के शरीर में समाहित जीव किस प्रकार उत्पन्न होते हैं और पाखण्डीजन किस तरह इस संसार में प्रकट होते हैं? यह भी बताएँ कि किस प्रकार अबद्ध जीवात्माएँ विद्यमान रहती हैं?

23 स्वतंत्र भगवान अपनी अन्तरंगा शक्ति से अपनी लीलाओं का आस्वादन करते हैं और प्रलय के समय वे इन्हें बहिरंगा शक्ति को प्रदान कर देते हैं और स्वयं साक्षी रूप में बने रहते हैं।

24 हे भगवान के प्रतिनिधिस्वरूप महर्षि, आप मेरी उन समस्त जिज्ञासाओं को, जिनके विषय में मैंने आपसे प्रश्न किये हैं तथा उनके विषय में भी जिन्हें मैं जिज्ञासा करने के प्रारम्भ से प्रस्तुत नहीं कर सका, उनके बारे में कृपा करके जिज्ञासा शान्त कीजिये। चूँकि मैं आपकी शरण में आया हूँ, अतः मुझे इस सम्बन्ध में पूर्ण ज्ञान प्रदान करें।

25 हे महर्षि, आप आदि प्राणी ब्रह्मा के तुल्य हैं। अन्य लोग केवल प्रथा का पालन करते हैं जिस प्रकार पूर्ववर्ती दार्शनिक चिन्तक किया करते हैं।

26 हे विद्वान ब्राह्मण, अच्युत भगवान की कथा के अमृत का, जो आपकी वाणी रूपी समुद्र से बह रहा है, मेरे द्वारा पान करने से मुझे उपवास रखने के कारण किसी प्रकार की कमजोरी नहीं लग रही।

27 सूत गोस्वामी ने कहा: महाराज परीक्षित द्वारा भक्तों से सम्बन्धित भगवान श्रीकृष्ण की कथाएँ कहने के लिए आमंत्रित किये जाने पर श्रील शुकदेव गोस्वामी अत्यधिक प्रसन्न हुए।

28-29 उन्होंने महाराज परीक्षित के प्रश्नों का उत्तर देना यह कहकर प्रारम्भ किया कि इस तत्त्व ज्ञान को सर्वप्रथम स्वयं भगवान ने ब्रह्मा से उनके जन्म के समय कहा। श्रीमदभागवत उपवेद है और वेदों का ही अनुकरण करता है।

29 उन्होंने अपने आपको राजा परीक्षित द्वारा जो कुछ पूछा गया था उसका उत्तर देने के लिए तैयार किया। महाराज परीक्षित पाण्डुवंश में सर्वश्रेष्ठ थे, अतः वे उचित व्यक्ति से उचित प्रश्न पूछने में समर्थ हुए।

(समर्पित एवं सेवारत – जगदीश चन्द्र चौहान)

 

E-mail me when people leave their comments –

You need to be a member of ISKCON Desire Tree | IDT to add comments!

Join ISKCON Desire Tree | IDT

Comments

  • 🙏हरे कृष्ण हरे कृष्ण - कृष्ण कृष्ण हरे हरे
    हरे राम हरे राम - राम राम हरे हरे🙏
  • 🙏🙏🙏🌹🌹🌹👌👌👌🌺🌺🌺🦢🦢🦢💎💎💎
This reply was deleted.