10847917676?profile=RESIZE_710x

अध्याय छह – पुरुष सूक्त की पुष्टि (2.6)

1 ब्रह्माजी ने कहा: विराट पुरुष का मुख वाणी का उद्गम-केंद्र है और उसका नियामक देव अग्नि है। उनकी त्वचा तथा अन्य छह स्तर (आवरण) वैदिक मंत्रों के उद्गम-केंद्र हैं और उनकी जीभ देवताओं, पितरों तथा सामान्यजनों को अर्पित करने वाले विभिन्न खाद्यों तथा व्यंजनों (रसों) का उद्गम है।

2 उनके दोनों नथुनें हमारे श्वास के तथा अन्य सभी प्रकार की वायु के जनन-केंद्र हैं; उनकी घ्राण शक्ति से अश्विनीकुमार तथा समस्त प्रकार की जड़ी-बूटियाँ उत्पन्न होती हैं और उनकी श्वास-शक्ति से विभिन्न प्रकार की सुगन्धियाँ उत्पन्न होती हैं।

3 उनके नेत्र सभी प्रकार के रूपों के उत्पत्ति-केंद्र हैं। वे चमकते हैं तथा प्रकाशित करते हैं। उनकी पुतलियाँ (नेत्र-गोलक) सूर्य तथा दैवी नक्षत्रों की भाँति हैं। उनके कान सभी दिशाओं में सुनते हैं और समस्त वेदों को ग्रहण करनेवाले हैं। उनकी श्रवणेन्द्रिय आकाश तथा समस्त प्रकार की ध्वनियों की उद्गम है।

4 उनके शरीर की ऊपरी सतह सभी वस्तुओं के सार एवं समस्त शुभ अवसरों की जन्म-स्थली है। उनकी त्वचा गतिशील वायु की भाँति सभी प्रकार के स्पर्श का उद्गम तथा समस्त प्रकार के यज्ञों को सम्पन्न करने का स्थान है।

5 उनके शरीर के रोम समस्त प्रकार की वनस्पति के कारण हैं, विशेष रूप से उन वृक्षों के, जो यज्ञ की सामग्री (अवयव) के रूप में काम आते हैं। उनके सिर तथा मुख के बाल बादलों के आगार हैं और उनके नाखून बिजली, पत्थरों तथा लौह अयस्कों के उद्गम-स्थल हैं।

6 भगवान की भुजाएँ बड़े-बड़े देवताओं तथा जनसमान्य की रक्षा करनेवाले अन्य नायकों के उद्गम-स्थल हैं।

7 भगवान के अगले डग ऊर्ध्व, अधो तथा स्वर्गलोकों के एवं हमें जो भी चाहिए, उसके आश्रय हैं। उनके चरणकमल सभी प्रकार के भय के लिए सुरक्षा का काम करते हैं।

8 भगवान के जननांगों से जल, वीर्य, सृजनकर्ता अवयव, वर्षा तथा प्रजापतियों का जन्म होता है। उनके जननांग उस आनन्द के कारण-स्वरूप हैं, जिससे जनन के कष्ट का प्रतिकार किया जा सकता है।

9 हे नारद, भगवान के विराट रूप का गुदाद्वार मृत्यु के नियामक देव, मित्र, का लोक है और भगवान की बड़ी आँत का छोर ईर्ष्या, दुर्भाग्य, मृत्यु, नरक आदि का स्थान माना जाता है।

10 भगवान की पीठ समस्त प्रकार की उद्विग्नता तथा अज्ञान एवं अनैतिकता का स्थान है। उनकी नसों से नदियाँ तथा नाले प्रवाहित होते हैं और उनकी हड्डियों पर बड़े-बड़े पहाड़ बने हैं।

11 भगवान का निराकार पहलू महासागरों का आश्रय स्थान है और उनका उदर भौतिक दृष्टि से विनष्ट जीवों का आश्रय है। उनका हृदय जीवों के सूक्ष्म भौतिक शरीरों का आश्रयस्थान है। बुद्धिमान लोग इसे इस प्रकार से जानते हैं।

12 तथापि उन महापुरुष की चेतना धार्मिक सिद्धान्तों का – मेरा, तुम्हारा तथा चारों कुमारों सनक, सनातन, सनत्कुमार तथा सनन्दन का निवास-स्थान है। यही चेतना सत्य तथा दिव्य ज्ञान का निवास स्थान है।

13-16 मुझसे (ब्रह्मा से) लेकर तुम तथा भव (शिव) तक जितने भी बड़े-बड़े ऋषि-मुनि तुमसे पूर्व हुए हैं, वे, देवतागण, असुरगण, नाग, मनुष्य, पक्षी, पशु, सरीसृप इत्यादि तथा समस्त ब्रह्माण्डों की सारी दृश्य-अभिव्यक्तियाँ यथा ग्रह, नक्षत्र, पुच्छलतारे, सितारे, विद्युत, गर्जन तथा विभिन्न लोकों के निवासी यथा – गन्धर्व, अप्सरा, यक्ष, राक्षस, भूतगण, उरग, पशु, पितर, सिद्ध, विद्याधर, चारण एवं अन्य विविध प्रकार के जीव जिनमें पक्षी, पशु तथा वृक्ष एवं अन्य जो कुछ हो सकता है, सभी सम्मिलित हैं – वे सभी भूत, वर्तमान तथा भविष्य सभी कालों में भगवान के विराट रूप द्वारा आच्छादित हैं, यद्यपि वे इन सबों से परे रहते हैं और सदैव एक बालिश्त आकार रूप में रहते हैं।

17 सूर्य अपने विकिरणों का विस्तार करके भीतर तथा बाहर प्रकाश वितरित करता है। इसी प्रकार से भगवान अपने विराट रूप का विस्तार करके इस सृष्टि में प्रत्येक वस्तु का आन्तरिक तथा बाह्य रूप से पालन करते हैं।

18 पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान अमरता तथा निर्भयता के नियंत्रक हैं और वे भौतिक जगत के मृत्यु तथा सकाम कर्मों से परे हैं। हे नारद, हे ब्राह्मण, इसलिए परम पुरुष के यश का अनुमान लगा पाना कठिन है।

19 पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान अपनी एक चौथाई शक्ति के द्वारा समस्त भौतिक ऐश्वर्य के परम आगार के रूप में जाने जाते हैं, जिसमें सारे जीव रह रहे हैं। भगवान का धाम जो तीन उच्चतर लोकों तथा भौतिक आवरणों से परे स्थित है, उसमें अमरता, निर्भयता तथा जरा और व्याधि से चिन्तामुक्ति का अस्तित्व रहता है।

20 आध्यात्मिक जगत, जो भगवान की तीन चौथाई शक्ति से बना है, इस भौतिक जगत से परे स्थित है और यह उन लोगों के निमित्त है जिनका पुनर्जन्म नहीं होता। अन्य लोग, जो गृहस्थ जीवन के प्रति आसक्त हैं और ब्रह्मचर्य व्रत का कठोरता से पालन नहीं करते, उन्हें तीन लोकों के अन्तर्गत ही रहना होता है।

21 सर्वव्यापी भगवान अपनी शक्तियों के कारण व्यापक अर्थों में नियंत्रण-कार्यों तथा भक्तिमय सेवा के स्वामी हैं। वे समस्त परिस्थितियों की वास्तविक विद्या तथा अविद्या दोनों के परम स्वामी हैं।

22 भगवान से सारे ब्रह्माण्ड तथा समस्त भौतिक तत्त्वों, गुणों एवं इन्द्रियों से युक्त विराट रूप उत्पन्न होते हैं। फिर भी वे ऐसे भौतिक प्राकट्यों से उसी तरह पृथक रहते हैं, जिस तरह सूर्य अपनी किरणों तथा ताप से पृथक रहता है।

23 जब मैं महापुरुष भगवान (महाविष्णु) के नाभि-कमल पुष्प से उत्पन्न हुआ था, तो मेरे पास यज्ञ-अनुष्ठानों के लिए उन महापुरुष के शारीरिक अंगों के अतिरिक्त अन्य कोई सामग्री न थी।

24 यज्ञोत्सवों को सम्पन्न करने के लिए फूल, पत्ती, कुश जैसी यज्ञ-सामग्रियों के साथ-साथ यज्ञ-वेदी तथा उपयुक्त समय (वसन्त) की भी आवश्यकता होती है।

25 यज्ञ की अन्य आवश्यकताएँ हैं – पात्र, अन्न, घी, शहद, सोना, मिट्टी, जल, ऋग्वेद, यजुर्वेद, सामवेद तथा यज्ञ सम्पन्न करानेवाले चार पुरोहित।

26 यज्ञ की अन्य आवश्यकताओं में देवताओं का विभिन्न नामों से विशिष्ट मंत्रों तथा दक्षिणा के व्रतों द्वारा आवाहन सम्मिलित हैं। ये आवाहन विशिष्ट प्रयोजनों से तथा विशिष्ट विधियों द्वारा विशेष शास्त्र के अनुसार होने चाहिए।

27 इस प्रकार मुझे भगवान के शारीरिक अंगों से ही यज्ञ के लिए इन आवश्यक सामग्रियों की तथा साज-सामान की व्यवस्था करनी पड़ी। देवताओं के नामों के आवाहन से चरम लक्ष्य विष्णु की क्रमशः प्राप्ति हुई और इस प्रकार प्रायश्चित तथा पूर्णाहुति पूरी हुई।

28 इस प्रकार मैंने यज्ञ के भोक्ता परमेश्वर के शरीर के अंगों से यज्ञ के लिए सारी सामग्री तथा साज-सामान उत्पन्न किये और भगवान को प्रसन्न करने के लिए मैंने यज्ञ सम्पन्न किया।

29 हे पुत्र, तत्पश्चात तुम्हारे नौ भाइयों ने, जो प्रजापति हैं, व्यक्त तथा अव्यक्त दोनों प्रकार के पुरुषों को प्रसन्न करने के लिए समुचित अनुष्ठानों सहित यज्ञ सम्पन्न किया।

30 तत्पश्चात, मनुष्यों के पिताओं अर्थात मनुओं, महर्षियों, पितरों, विद्वान पण्डितों, दैत्यों तथा मनुष्यों ने परमेश्वर को प्रसन्न करने के निमित्त यज्ञ सम्पन्न किये।

31 अतएव सारे ब्रह्माण्डों की भौतिक अभिव्यक्तियाँ उनकी शक्तिशाली भौतिक शक्तियों में स्थित हैं, जिन्हें वे स्वतः स्वीकार करते हैं, यद्यपि वे भौतिक गुणों से सदैव निर्लिप्त रहते हैं।

32 उनकी इच्छा से मैं सृजन करता हूँ, शिवजी विनाश करते हैं और वे स्वयं अपने सनातन भगवान रूप से सबों का पालन करते हैं। वे इन तीनों शक्तियों के शक्तिमान नियामक हैं।

33 प्रिय पुत्र, तुमने मुझसे जो कुछ पूछा था, उसको मैंने इस तरह तुम्हें बतला दिया। तुम यह निश्चय जानो कि जो कुछ भी यहाँ है (चाहे वह कारण हो या कार्य, दोनों ही - आध्यात्मिक तथा भौतिक जगतों में) वह पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान पर आश्रित है।

34 हे नारद, चूँकि मैंने पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान हरि के चरणकमलों को अत्यन्त उत्कण्ठा के साथ पकड़ रखा है, अतएव मैं जो कुछ कहता हूँ, वह कभी असत्य नहीं होता। न तो मेरे मन की प्रगति कभी अवरुद्ध होती है, न ही मेरी इन्द्रियाँ कभी भी पदार्थ की क्षणिक आसक्ति से पतित होती हैं।

35 यद्यपि मैं वैदिक ज्ञान की शिष्य-परम्परा में दक्ष महान ब्रह्मा के रूप में विख्यात हूँ, मैंने सारी तपस्याएँ की हैं, मैं योगशक्ति एवं आत्म-साक्षात्कार में पटु हूँ और मुझे सादर प्रणाम करनेवाले जीवों के महान प्रजापति मुझे इसी रूप में मानते हैं, तो भी मैं उन भगवान को नहीं समझ सकता, जो मेरे जन्म के मूल उद्गम हैं।

36 अतएव मेरे लिए श्रेयस्कर होगा कि मैं उनके चरणों में आत्म समर्पण कर दूँ, क्योंकि केवल वे ही मनुष्य को जन्म-मृत्यु के चक्र से उबार सकते हैं। ऐसा आत्म-समर्पण सर्वथा कल्याणप्रद है और इससे समस्त सुख की अनुभूति होती है। आकाश भी अपने विस्तार की सीमाओं का अनुमान नहीं लगा सकता। अतएव जब भगवान ही अपनी सीमाओं का अनुमान लगाने में अक्षम रहते हैं, तो भला दूसरे क्या कर सकते हैं?

37 जब न शिवजी, न तुम और न मैं ही आध्यात्मिक आनन्द की सीमा तय कर सके हैं, तो अन्य देवता इसे कैसे जान सकते हैं? चूँकि हम सभी परमेश्वर की माया से मोहित हैं, अतएव हम अपने-अपने सामर्थ्य के अनुसार ही इस व्यक्त विश्व को देख सकते हैं।

38 हम उन पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान को सादर प्रणाम करते हैं, जिनके अवतारों तथा कार्य-कलापों का गायन हमारे द्वारा उनके महिमा-मण्डन के लिए किया जाता है, यद्यपि वे अपने यथार्थ रूप में बड़ी कठिनाई से ही जाने जा सकते हैं।

39 वे परम आदि भगवान श्रीकृष्ण, प्रथम अवतार महाविष्णु के रूप में अपना विस्तार करके इस व्यक्त जगत की सृष्टि करते हैं, किन्तु वे अजन्मा रहते हैं। फिर भी सृजन उन्हीं में होता है और भौतिक पदार्थ तथा अभिव्यक्ति भी वे ही हैं। वे कुछ काल तक उनका पालन करते हैं और फिर उन्हें अपने में समाहित कर लेते हैं।

40-41 भगवान पवित्र हैं और भौतिक प्रभाव के समस्त कल्मष से रहित हैं। वे परम सत्य हैं और पूर्ण ज्ञान के मूर्तिमंत रूप हैं। वे सर्वव्यापी, अनादि, अनन्त तथा अद्वय हैं। हे नारद, हे महर्षि, बड़े-बड़े मुनि उन्हें तभी जान सकते हैं, जब वे समस्त भौतिक लालसाओं से मुक्त हो जाते हैं और अविचलित इन्द्रियों की शरण ग्रहण कर लेते हैं। अन्यथा व्यर्थ के तर्कों से सब कुछ विकृत हो जाता है और भगवान हमारी दृष्टि से ओझल हो जाते हैं।

42 कारणार्णवशायी विष्णु ही परमेश्वर के प्रथम अवतार हैं। वे सनातन काल, आकाश, कार्य-कारण, मन तत्त्वों, भौतिक अहंकार, प्रकृति के गुणों, इन्द्रियों, भगवान के विराट रूप, गर्भोदकशायी विष्णु तथा समस्त चर एवं अचर जीवों के स्वामी हैं।

43-45 मैं स्वयं (ब्रह्मा), शिवजी, भगवान विष्णु, दक्ष आदि प्रजापति, तुम (नारद तथा कुमारगण), इन्द्र तथा चन्द्र जैसे देवता, भूर्लोक के नायक, अधोलोक के नायक, गन्धर्व लोक के नायक, विद्याधर लोक के नायक, चारणलोक के नायक, यक्षों, राक्षसों तथा उरगों के नेता, महर्षि, बड़े-बड़े दैत्य, बड़े-बड़े नास्तिक तथा अन्तरिक्ष पुरुष तथा भूत, प्रेत, शैतान, जिन्न, कूष्माण्ड, बड़े-बड़े जलचर, बड़े-बड़े पशु तथा पक्षी इत्यादि या दूसरे शब्दों में ऐसी कोई भी वस्तु जो बल, ऐश्वर्य, मानसिक तथा एन्द्रिय कौशल, शक्ति, क्षमा, सौन्दर्य, विनम्रता, ऐश्वर्य तथा प्रजनन से युक्त हो, चाहे रूपवान या रूप-विहीन, वे सब भले ही विशिष्ट सत्य तथा भगवान के रूप प्रतीत हों, लेकिन वास्तव में वे वैसे हैं नहीं। वे सभी भगवान की दिव्य शक्ति के अंशमात्र हैं।

46 हे नारद, अब मैं एक-एक करके भगवान के दिव्य अवतारों का वर्णन करूँगा, जो लीला अवतार कहलाते हैं। उनके कार्यकलापों के सुनने से कान में संचित सारा मेल हट जाता है। ये लीलाएँ सुनने में मधुर हैं और आस्वाद्य है, अतएव ये मेरे हृदय में सदैव बनी रहती हैं।

(समर्पित एवं सेवारत – जगदीश चन्द्र चौहान)

 

E-mail me when people leave their comments –

You need to be a member of ISKCON Desire Tree | IDT to add comments!

Join ISKCON Desire Tree | IDT

Comments

  • 🙏हरे कृष्ण हरे कृष्ण - कृष्ण कृष्ण हरे हरे
    हरे राम हरे राम - राम राम हरे हरे🙏
  • 💎🦢🌹🙏✅
This reply was deleted.