10847920867?profile=RESIZE_710x

अध्याय चार – सृष्टि प्रक्रम (2.4)

1 सूत गोस्वामी ने कहा: श्रील शुकदेव गोस्वामी से आत्मा के सत्य के विषय में बातें सुनकर, उत्तरा के पुत्र महाराज परीक्षित ने आस्थापूर्वक अपना ध्यान भगवान कृष्ण में लगा दिया।

2 भगवान कृष्ण के प्रति एकनिष्ठ आकर्षण के फलस्वरूप महाराज परीक्षित ने अपने निजी शरीर, अपनी पत्नी, अपनी सन्तान, अपने महल, अपने पशु, हाथी-घोड़े, अपने खजाने, मित्र तथा सम्बन्धी और अपने निष्कंटक राज्य के प्रति प्रगाढ़ ममता त्याग दी।

3-4 हे महर्षियों, महात्मा महाराज परीक्षित ने भगवान कृष्ण के विचार में निरन्तर लीन रहते हुए, अपनी आसन्न मृत्यु को भलीभाँति जानते हुए, सारे सकाम कर्म अर्थात धर्म के कार्य, आर्थिक विकास तथा इन्द्रियतृप्ति त्याग दिए और कृष्ण के लिए सहज प्रेम में अपने को दृढ़ता से स्थिर कर लिया। तब उन्होंने इन सारे प्रश्नों को उसी तरह पूछा, जिस तरह आप सब मुझसे पूछ रहे हैं।

5 महाराज परीक्षित ने कहा: हे विद्वान ब्राह्मण, आप भौतिक दूषण से रहित होने के कारण सब कुछ जानते हैं, अतएव आपने मुझसे जो भी कहा है, वह मुझे पूर्ण रूप से उचित प्रतीत होता है। आपकी बातें क्रमश: मेरे अज्ञानरूपी अंधकार को दूर कर रही हैं, क्योंकि आप भगवान की कथाएँ कह रहे हैं।

6 मैं आपसे यह जानना चाहता हूँ कि भगवान किस प्रकार अपनी निजी शक्तियों से इस रूप में इन दृश्य ब्रह्माण्डों की सृष्टि करते हैं, जो बड़े से बड़े देवताओं के लिए भी अचिन्त्य हैं।

7 कृपया बतायें कि सर्वशक्तिमान परमेश्वर किस तरह अपनी विभिन्न शक्तियों तथा विभिन्न विस्तारों को इस घटनाओं से भरे जगत के पालन करने में लगाते हैं और एक खिलाड़ी के खेल की तरह फिर से इसे समेट लेते हैं?

8 हे विद्वान ब्राह्मण, भगवान के दिव्य कार्यकलाप अद्भुत हैं और वे अचिन्त्य प्रतीत होते हैं, क्योंकि अनेक विद्वान पण्डितों के अनेक प्रयास भी उन्हें समझने में अपर्याप्त सिद्ध होते रहे हैं।

9 पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान एक हैं, चाहे वे प्रकृति के गुणों से अकेले कार्य करें या एकसाथ कई रूपों में विस्तार करें या कि प्रकृति के गुणों के निर्देशन हेतु बारी-बारी से विस्तार करें।

10 कृपया इन सारे संशयप्रद प्रश्नों का निवारण कर दें, क्योंकि आप न केवल वैदिक साहित्य के परम विद्वान एवं अध्यात्म में आत्मसिद्ध हैं, अपितु आप भगवान के महान भक्त भी हैं, अतएव आप भगवान के ही समान हैं।

11 सूत गोस्वामी ने कहा: जब राजा ने श्रील शुकदेव गोस्वामी से इस प्रकार प्रार्थना की कि वे भगवान की सृजनात्मक शक्ति का वर्णन करें, तो उन्होंने इन्द्रियों के स्वामी (श्रीकृष्ण) का ठीक से स्मरण किया और उपयुक्त उत्तर देने के लिए इस प्रकार बोले।

12 श्रील शुकदेव गोस्वामी ने कहा: मैं उन पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान को सादर नमस्कार करता हूँ, जो भौतिक जगत की सृष्टि के लिए प्रकृति के तीन गुणों को स्वीकार करते हैं। वे प्रत्येक के शरीर के भीतर निवास करनेवाले परम पूर्ण हैं और उनकी गतियाँ अचिन्त्य हैं।

13 मैं पुनः सम्पूर्ण जगत-रूप अध्यात्म-रूप उन भगवान को सादर नमस्कार करता हूँ, जो पुण्यात्मा भक्तों को समस्त संकटों से मुक्ति दिलानेवाले तथा अभक्त असुरों की नास्तिक मनोवृत्ति की वृद्धि को विनष्ट करनेवाले हैं। जो अध्यात्मवादी सर्वोपरि आध्यात्मिक पूर्णता में स्थित हैं, उन्हें वे उनके विशिष्ट पद प्रदान करने वाले हैं।

14 मैं उन्हें सादर नमस्कार करता हूँ, जो यदुवंशियों के संगी हैं और अभक्तों के लिए सदैव समस्या बने रहते हैं। वे भौतिक तथा आध्यात्मिक दोनों जगतों के परम भोक्ता हैं, फिर भी वे वैकुण्ठ में स्थित अपने धाम का भोग करते हैं। कोई भी उनके समतुल्य नहीं है, क्योंकि उनका दिव्य ऐश्वर्य अमाप्य है।

15 मैं उन सर्वमंगलमय भगवान श्रीकृष्ण को सादर नमस्कार करता हूँ जिनके यशोगान, स्मरण, दर्शन, वन्दन, श्रवण तथा पूजन से पाप करनेवाले के सारे पाप-फल तुरन्त धूल जाते हैं।

16 मैं सर्व-मंगलमय भगवान श्रीकृष्ण को बारम्बार प्रणाम करता हूँ। उनके चरणकमलों की शरण ग्रहण करने मात्र से उच्च कोटि के बुद्धिमान-जन, वर्तमान तथा भावी अस्तित्व की सारी आसक्तियों से छुटकारा पा जाते हैं और बिना किसी कठिनाई के आध्यात्मिक जगत की ओर अग्रसर होते हैं।

17 मैं सर्व-मंगलमय भगवान श्रीकृष्ण को पुनः पुनः सादर नमस्कार करता हूँ, क्योंकि बड़े-बड़े विद्वान ऋषि, बड़े-बड़े दानी, यश--लब्ध कार्यकर्ता, बड़े-बड़े दार्शनिक तथा योगी, बड़े-बड़े वेदपाठी तथा वैदिक सिद्धान्तों के बड़े-बड़े अनुयायी तक भी ऐसे महान गुणों को भगवान की सेवा में समर्पित किये बिना कोई क्षेम (कुशलता) प्राप्त नहीं कर पाते।

18 किरात, हूण, आन्ध्र, पुलिन्द, पुल्कश, आभीर, शुम्भ, यवन, खस आदि जातियों के सदस्य तथा पाप कर्मों में लिप्त रहने वाले अन्य लोग परम शक्तिशाली भगवान के भक्तों की शरण ग्रहण करके शुद्ध हो सकते हैं। मैं उन भगवान को सादर नमस्कार करता हूँ।

19 वे परमात्मा हैं तथा समस्त स्वरूपसिद्ध पुरुषों के परमेश्वर हैं। वे साक्षात वेद, धर्मग्रन्थ (शास्त्र) तथा तपस्या हैं। वे ब्रह्माजी, शिवजी तथा कपट से रहित समस्त व्यक्तियों द्वारा पूजित हैं। आश्चर्य तथा सम्मान से ऐसे पूजित होनेवाले पूर्ण पुरुषोत्तम मुझ पर प्रसन्न हों।

20 भगवान श्रीकृष्ण, जो समस्त भक्तों के पूजनीय स्वामी हैं, यदुवंश के अंधक तथा वृष्णि जैसे समस्त राजाओं के रक्षक तथा उनके यश हैं, सभी लक्ष्मी देवीयों के पति, समस्त यज्ञों के निर्देशक अतएव समस्त जीवों के अग्रणी, समस्त बुद्धि के नियन्ता, समस्त दिव्य एवं भौतिक लोकों के अधिष्ठाता तथा पृथ्वी पर परम अवतार (सर्वेसर्वा) हैं, वे मुझ पर कृपालु हों।

21 भगवान श्रीकृष्ण ही मुक्तिदाता हैं। भक्त प्रतिपल उनके चरणकमलों का चिन्तन करते हुए तथा महापुरुषों के चरणचिन्हों पर चलते हुए समाधि में परम सत्य का दर्शन कर सकता है। तथापि विद्वान ज्ञानीजन उनके विषय में अपनी समझ के अनुसार चिन्तन करते हैं। ऐसे भगवान मुझ पर प्रसन्न हों।

22 जिन्होंने सृजन के प्रारम्भ में ब्रह्मा के हृदय में शक्तिशाली ज्ञान का विस्तार किया तथा अपने विषय में पूर्ण ज्ञान की प्रेरणा दी और जो ब्रह्मा के मुख से प्रकट हुए प्रतीत हुए, वे भगवान मुझ पर प्रसन्न हों।

23 ब्रह्माण्ड के भीतर लेटकर जो तत्त्वों से निर्मित शरीरों को प्राणमय बनाते हैं और जो अपने पुरुष-अवतार में जीव को भौतिक गुणों के सोलह विभागों के अधीन करते हैं, जो जीव के जनक रूप हैं, वे पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान मेरे प्रवचनों को अलंकृत करने के लिए प्रसन्न हों।

24 मैं वासुदेव के अवतार श्रील व्यासदेव को सादर नमस्कार करता हूँ जिन्होंने वैदिक शास्त्रों का संकलन किया। शुद्ध भक्तगण भगवान के कमल सदृश मुख से टपकते हुए अमृतोपम दिव्य ज्ञान का पान करते हैं।

25 हे राजन, नारद द्वारा पूछे जाने पर प्रथम-जन्मा ब्रह्माजी ने इस विषय में ठीक वही बात बतलाई, जो भगवान ने अपने पुत्र (ब्रह्मा) से प्रत्यक्ष कही थी, जिन्हें जन्म से ही वैदिक ज्ञान धारण कराया गया था।

(समर्पित एवं सेवारत – जगदीश चन्द्र चौहान)

 

E-mail me when people leave their comments –

You need to be a member of ISKCON Desire Tree | IDT to add comments!

Join ISKCON Desire Tree | IDT

Comments

  • 🙏हरे कृष्ण हरे कृष्ण - कृष्ण कृष्ण हरे हरे
    हरे राम हरे राम - राम राम हरे हरे🙏
  • हरि बोल ! हरि बोल ! हरि बोल !
    🙏🌺🌺🙏💐💐💐🙏🌺🌺🙏
  • हरि बोल 🙏🌺🌺🙏
This reply was deleted.