9415413058?profile=RESIZE_584x

अध्याय ग्यारह – महापुरुष का संक्षिप्त वर्णन (12.11)

1 श्री शौनक ने कहा: हे सूत, आप सर्वश्रेष्ठ विद्वान तथा भगवद्भक्त हैं। अतएव अब हम आपसे समस्त तंत्र शास्त्रों के अन्तिम निर्णय के विषय में पूछते हैं।

2-3 आपका कल्याण हो, कृपा करके हम जिज्ञासुओं को लक्ष्मीपति दिव्य भगवान की नियमित पूजा द्वारा सम्पन्न की जानेवाली क्रिया योग विधि बतायें। कृपा करके यह भी बतलायें कि भक्तगण उनके अंगों, संगियों, आयुधों तथा आभूषणों की किन विशेष भौतिक वस्तुओं से कल्पना करते हैं। भगवान की दक्षतापूर्वक पूजा करके मर्त्य प्राणी अमरता प्राप्त कर सकता है।

4 सूत गोस्वामी ने कहा; मैं अपने गुरुओं को नमस्कार करके कमल से उत्पन्न ब्रह्मा इत्यादि महान विद्वानों द्वारा वेदों तथा तंत्रों में दिये हुए भगवान के ऐश्वर्यों का वर्णन पुनः करूँगा।

5 भगवान का विराट रूप अव्यक्त प्रकृति तथा परवर्ती विकारों इत्यादि से युक्त सृष्टि के नौ मूलभूत तत्त्वों से बना है। एक बार चेतना द्वारा इस विराट रूप को अधिष्ठित करने पर इसमें तीनों लोक दिखाई पड़ने लगते हैं।

6-8 यह भगवान का विराट रूप है, जिसमें पृथ्वी उनके पाँव, आकाश उनकी नाभि, सूर्य उनकी आँखें, वायु उनके नथुने, प्रजापति उनके जननांग, मृत्यु उनकी गुदा तथा चन्द्रमा उनका मन है। स्वर्गलोक उनका सिर, दिशाएँ उनके कान तथा विभिन्न लोकपाल उनकी अनेक भुजाएँ हैं। यमराज उनकी भौंहें, लज्जा उनका निचला होंठ, लालच उनका ऊपरी होंठ, भ्रम उनकी मुसकान तथा चाँदनी उनके दाँत है, जबकि वृक्ष उन सर्वशक्तिमान पुरुष के शरीर के रोम हैं और बादल उनके सिर के बाल हैं।

9 जिस तरह इस जगत के सामान्य पुरुष के आकार-प्रकार को उसके विविध अंगों के मापन से निश्चित किया जा सकता है, उसी तरह महापुरुष के विराट रूप के अन्तर्गत लोकों की व्यवस्था की प्रमाप से महापुरुष का आकार-प्रकार जाना जा सकता है।

10 सर्वशक्तिमान अजन्मा भगवान अपने वक्षस्थल पर शुद्ध आत्मा का प्रतिनिधित्व करनेवाला कौस्तुभ मणि और उसी के साथ इस मणि के विस्तृत तेज का प्रत्यक्ष स्वरूप, श्रीवत्स चिन्ह, धारण किये रहते हैं।

11-12 उनकी वनमाला – भौतिक माया है, जो प्रकृति के गुणों के विविध मिश्रण से युक्त है। उनका पीत वस्त्र वैदिक छन्द हैं और उनका जनेऊ तीन ध्वनियों वाला ॐ अक्षर है। अपने दो मकराकृत कुण्डलों के रूप में भगवान सांख्य तथा योग की विधियाँ धारण करते हैं। उनका मुकुट जो सारे लोकवासियों को अभय प्रदान करता है, ब्रह्मलोक का परम पद है।

13 भगवान का आसन, अनन्त, भौतिक प्रकृति की अव्यक्त अवस्था है और भगवान का कमल सिंहासन, सतोगुण है, जो धर्म तथा ज्ञान से समन्वित है।

14-15 भगवान जो गदा धारण किये रहते हैं वह इन्द्रिय, मन, शरीर सम्बन्धी शक्तियों से युक्त मुख्य तत्त्व प्राण है। उनका उत्कृष्ट शंख जल तत्त्व है। उनका सुदर्शन चक्र अग्नि तत्त्व है और उनकी तलवार जोकि आकाश के समान निर्मल है, आकाश तत्त्व है। उनकी ढाल तमोगुण, उनका शार्ङ्ग नामक धनुष काल तथा उनका तरकस कर्मेन्द्रियाँ हैं।

16 उनके बाण इन्द्रियाँ हैं और उनका रथ चंचल वेगवान मन है। उनका बाह्य स्वरूप तन्मात्राएँ हैं और उनके हाथ के इशारे (मुद्राएँ) सार्थक क्रिया के सार हैं।

17 सूर्य मण्डल ही वह स्थान है जहाँ भगवान पूजे जाते हैं; दीक्षा ही आत्मा की शुद्धि का साधन है और भगवान की भक्ति करना ही किसी के पापों को समूल नष्ट करने की विधि है।

18 लीलाकमल को जोकि भग शब्द से विभिन्न ऐश्वर्यों का सूचक है सहज रुप में धारण करते हुए भगवान, धर्म तथा यशरूपी दो चामरों से सेवित हैं।

19 हे ब्राह्मणों, भगवान का छत्र उनका धाम वैकुण्ठ है जहाँ कोई भय नहीं है और यज्ञ के स्वामी को ले जाने वाला गरुड़, तीनों वेद हैं।

20 भगवती श्री, जो भगवान का संग कभी नहीं छोड़तीं, उनके साथ उनकी अन्तरंगा शक्ति के रूप में इस जगत में प्रकट होती हैं। विष्वक्सेन जोकि भगवान के निजी संगियों में प्रमुख हैं, पंचरात्र तथा अन्य तंत्रों के रूप में विख्यात हैं और नन्द इत्यादि भगवान के आठ द्वारपाल उनकी अणिमादिक योग सिद्धियाँ हैं।

21 हे ब्राह्मण शौनक – वासुदेव, संकर्षण, प्रद्युम्न तथा अनिरुद्ध – ये भगवान के साक्षात अंशों (चतुर्व्युह) के नाम हैं।

22 मनुष्य भगवान की कल्पना जागृत, सुप्त तथा सुषुप्त अवस्थाओं में कर सकता है, जो क्रमशः बाह्य वस्तुओं, मन तथा भौतिक बुद्धि के माध्यम से कार्य करती हैं। एक चौथी अवस्था भी है, जो चेतना का दिव्य स्तर है और शुद्ध ज्ञान के लक्षण वाली है।

23 इस प्रकार भगवान हरि चार साकार अंशों (मूर्तियों) के रूप में प्रकट होते हैं जिनमें से हर अंश प्रमुख अंग, गौण अंग, आयुध तथा आभूषण से युक्त होता है। इन स्पष्ट स्वरूपों से भगवान चार अवस्थाओं को बनाये रखते हैं।

24 हे ब्राह्मण-श्रेष्ठ, एकमात्र वे ही आत्म-प्रकाशित, वेदों के आदि स्रोत, परिपूर्ण तथा अपनी महिमा में पूर्ण हैं। वे अपनी मायाशक्ति से इस सम्पूर्ण ब्रह्माण्ड का सृजन, पालन तथा संहार करते हैं। चूँकि वे विविध भौतिक कार्यों के कर्ता हैं अतएव कभी कभी उन्हें विभक्त कहा जाता है फिर भी वे शुद्ध ज्ञान में स्थित बने रहते हैं। जो लोग उनकी भक्ति में लगे हुए हैं, वे उन्हें अपनी असली आत्मा के रूप में अनुभव कर सकते हैं।

25 हे कृष्ण, हे अर्जुन के सखा, हे वृष्णिवंशियों के प्रमुख, आप इस पृथ्वी पर उत्पात मचाने वाले राजनीतिक पक्षों के संहारक हैं। आपका पराक्रम कभी घटता नहीं। आप दिव्य धाम के स्वामी हैं और आपकी पवित्र महिमा जो वृन्दावन के गोपों, गोपियों तथा उनके सेवकों द्वारा गाई जाती है, सुनने मात्र से सर्वमंगलदायिनी है। हे प्रभु, आप अपने भक्तों की रक्षा करें।

26 जो कोई प्रातःकाल जल्दी उठता है और शुद्ध मन को महापुरुष में स्थिर करके, उनके गुणों का यह वर्णन मन ही मन जपता है, वह उन्हें अपने हृदय के भीतर निवास करनेवाले परमात्मा के रूप में अनुभव करेगा।

27-28 श्री शौनक ने कहा: कृपया आपके वचनों में अत्यन्त श्रद्धा रखने वाले हमसे उन सात साकार रूपों तथा संगियों के विभिन्न समूहों का वर्णन उनके नामों तथा कार्यों समेत करें जिन्हें सूर्यदेव प्रति मास प्रदर्शित करते हैं। सूर्यदेव के संगी, जो अपने स्वामी की सेवा करते हैं, सूर्यदेव के अधिष्ठाता देवता के रूप में भगवान हरि के स्वांश हैं।

29 सूत गोस्वामी ने कहा: सूर्य समस्त ग्रहों के बीच भ्रमण करता है और उनकी गतियों को नियमित करता है। इसे समस्त देहधारियों के परमात्मा, भगवान विष्णु, ने अपनी अनादि भौतिक शक्ति के द्वारा उत्पन्न किया है।

30 भगवान हरि से अभिन्न होने के कारण सूर्यदेव सारे जगतों तथा उनके आदि स्रष्टा की अकेली आत्मा हैं। वे वेदों द्वारा बताए गये समस्त कर्मकाण्ड के उद्गम हैं और वैदिक ऋषियों ने उन्हें तरह-तरह के नाम दिये हैं।

31 हे शौनक, माया का स्रोत होने से भगवान हरि के अंश रूप सूर्यदेव को नौ प्रकार से – काल, देश, क्रिया, कर्ता, उपकरण, अनुष्ठान, शास्त्र, पूजा की साज-सामग्री तथा प्राप्तव्य फल के अनुसार वर्णित किया गया है।

32 पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान अपनी कालशक्ति को सूर्यदेव के रूप में प्रकट करके मधु इत्यादि बारहों महीनों में ब्रह्माण्ड के भीतर ग्रहों की गति को नियमित करने हेतु इधर-उधर यात्रा करते हैं। बारहों महीनों सूर्यदेव के साथ यात्रा करनेवाला छह संगियों का पृथक-पृथक समूह है।

33 हे मुनि, मधु मास को धाता सूर्यदेव के रूप में, कृतस्थली अप्सरा रूप में, हेति राक्षस रूप में, वासुकि नाग के रूप में, रथकृत यक्ष रूप में, पुलस्त्य मुनि रूप में तथा तुम्बुरु गन्धर्व के रूप में, शासन करते हैं।

34 माधव मास पर अर्यमा सूर्य रूप में, पुलह मुनि, अथौजा यक्ष, प्रहेति राक्षस, पुञ्जीकस्थली अप्सरा, नारद, गन्धर्व तथा कच्छनीर नाग के रूप में, शासन करते हैं।

35 शुक्र मास पर मित्र सूर्यदेव के रूप में, अत्री मुनि, पौरुषेय राक्षस, तक्षक नाग, मेनका अप्सरा, हहा गन्धर्व तथा रथस्वन यक्ष के रूप में, शासन चलाते हैं।

36 शुचि मास पर वसिष्ठ ऋषि के रूप में, वरुण सूर्यदेव, रम्भा अप्सरा, सहजन्य राक्षस, हूहू गन्धर्व, शुक्र नाग तथा चित्रस्वन यक्ष के रूप में शासन करते हैं।

37 नभस (श्रवण) मास पर इन्द्र सूर्यदेव के रूप में, विश्वासु गन्धर्व, श्रोता यक्ष, एलापत्र नाग, अंगिरा मुनि, प्रम्लोचा अप्सरा तथा वर्य राक्षस के रूप में, शासन करते हैं।

38 नभस्य मास में विवस्वान सूर्यदेव के रूप में, उग्रसेन गन्धर्व, व्याघ्र राक्षस, आसारण यक्ष, भृगु मुनि, अनुम्लोचा अप्सरा तथा शंखपाल नाग के रूप में शासन चलाते हैं।

39 तपस मास पर पूषा सूर्यदेव के रूप में, धन्जय नाग, वात राक्षस, सुषेण गन्धर्व, सुरुचि यक्ष, घृताची अप्सरा तथा गौतम मुनि के रूप में शासन करते हैं।

40 तपस्य नामक मास पर ऋतु यक्ष के रूप में वर्चा राक्षस, भरद्वाज मुनि, पर्जन्य सूर्यदेव, सेनजित अप्सरा, विश्व गन्धर्व तथा ऐरावत नाग के रूप में शासन चलाते हैं।

41 सहस मास पर अंशु सूर्यदेव के रूप में, कश्यप मुनि, तार्क्ष्य यक्ष, ऋतसेन गन्धर्व, उर्वशी अप्सरा, विद्युच्छत्रु राक्षस तथा महाशंख नाग के रूप में शासन चलाते हैं।

42 पुष्य मास पर भग सूर्य के रूप में, स्फूर्ज राक्षस, अरिष्टिनेमि गन्धर्व, ऊर्ण यक्ष, आयुर मुनि, कर्कोटक नाग तथा पूर्वचित्ति अप्सरा के रूप में शासन चलाते है।

43 इष मास का त्वष्टा सूर्यदेव के रूप में, ऋचीक-पुत्र जमदग्नि मुनि, कम्बलाश्व नाग, तिलोत्तमा अप्सरा, ब्रह्मापेत राक्षस, शतजित यक्ष तथा धृतराष्ट्र गन्धर्व के रूप में, पालन-पोषण करते हैं।

44 ऊर्ज मास पर विष्णु सूर्यदेव के रूप में, अश्वतर नाग, रम्भा अप्सरा, सूर्यवर्चा गन्धर्व, सत्यजित यक्ष, विश्वामित्र मुनि तथा मखापेट राक्षस के रूप में, शासन करते हैं।

45 ये सारे पुरुष सूर्यदेव के रूप में भगवान विष्णु के ऐश्वर्यशाली अंश हैं। ये देव उन लोगों के सारे पापों को दूर कर देते हैं, जो प्रत्येक सूर्योदय तथा सूर्यास्त के समय उनका स्मरण करते हैं।

46 इस प्रकार बारहों महीने सूर्यदेव अपने छह प्रकार के संगियों के साथ सभी दिशाओं में विचरण करते हुए इस ब्रह्माण्ड के निवासियों में इस जीवन तथा अगले जीवन के लिए शुद्ध चेतना का विस्तार करते रहते हैं।

47-48 एक ओर जहाँ ऋषिगण सूर्यदेव की पहचान को प्रकट करनेवाले साम, ऋग तथा यजुर्वेदों के स्तोत्रों द्वारा सूर्यदेव की स्तुति करते हैं, वही गन्धर्वगण भी उनकी प्रशंसा करते हैं तथा अप्सराएँ उनके रथ के आगे-आगे नृत्य करती हैं; नागगण रथ की रस्सियों को कसते हैं और यक्षगण रथ में घोड़ों को जोतते हैं जबकि प्रबल राक्षसगण रथ को पीछे से धकेलते हैं।

49 रथ की ओर मुँह किये साठ हजार वाल्खिल्य नामक ब्रह्मर्षि आगे-आगे चलते हैं और वैदिक मंत्रों द्वारा सर्वशक्तिमान सूर्यदेव की स्तुति करते हैं।

50 इस तरह अजन्मा, अनादि तथा अनन्त भगवान सारे लोकों की रक्षा हेतु, ब्रह्मा के प्रत्येक दिन में अपना विस्तार अपने इन विशेष निजी स्वरूपों में करते हैं।

(समर्पित एवं सेवारत – जगदीश चन्द्र चौहान)

 

E-mail me when people leave their comments –

You need to be a member of ISKCON Desire Tree | IDT to add comments!

Join ISKCON Desire Tree | IDT

Comments

  • https://youtu.be/VVZPqljmPaY
    🙏हरे कृष्ण हरे कृष्ण - कृष्ण कृष्ण हरे हरे
    हरे राम हरे राम - राम राम हरे हरे🙏
This reply was deleted.