10892916285?profile=RESIZE_584x

अध्याय पाँच – नारद द्वारा वसुदेव को दी गई शिक्षाओं का समापन (11.5)

1 राजा निमि ने आगे पूछा : हे योगेन्द्रों, आप सभी आत्म-विज्ञान में परम दक्ष हैं, अतएव मुझे उन लोगों का गन्तव्य बतलाइये, जो प्रायः भगवान हरि की पूजा नहीं करते, अपनी भौतिक इच्छाओं की प्यास नहीं बुझा पाते तथा अपनी इन्द्रियों को वश में नहीं कर पाते।

2 श्री चमस ने कहा: हे राजन, आदि पुरुष विष्णु के मुख, बाहु, जाँघ तथा पाँव से चार वर्ण – ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य तथा शूद्र – तथा चार आश्रम भी उत्पन्न हैं।

3 यदि इन चारों वर्णों तथा आश्रमों का कोई भी सदस्य अपनी उत्पत्ति के स्रोत भगवान की पूजा नहीं करता या जान-बूझकर भगवान का अनादर करता है, तो उसका पतन होता है।

4 ऐसे अनेक लोग हैं, जिन्हें भगवान हरि विषयक वार्ताओं में भाग लेने का बहुत ही कम अवसर मिल पाता है जिसके कारण भगवान अच्युत की लीलाओं का कीर्तन कर पाना उनके लिए कठिन होता है। स्त्रियाँ, शूद्र तथा अन्य निम्न जाति के व्यक्ति, सदा आप जैसे महापुरुषों की कृपा के पात्र हैं।

5 दूसरी ओर ब्राह्मण, राजसी वर्ग के लोग तथा वैश्यजन वैदिक दीक्षा द्वारा भगवान हरि के चरणकमलों के निकट जाने की अनुमति दिये जाने पर भी मोहित हो सकते हैं और विविध भौतिकतावादी दर्शन ग्रहण कर सकते हैं।

6 कर्मकला से अनजान, वेदों के मधुर शब्दों से मोहित, जागृत तथा उद्धत ऐसे गर्वित मूर्खजन स्वयं विद्वान होने का ढोंग रचते हैं और देवताओं की चाटुकारिता करते हैं।

7 वेदों के भौतिकतावादी अनुयायी रजोगुण के प्रभाव के कारण उग्र इच्छाओं के वशीभूत होकर अत्यधिक कामुक बन जाते हैं। उनका क्रोध सर्प जैसा होता है। वे अत्यधिक गर्विले, बनावटी तथा पापपूर्ण आचरण में रत होने से भगवान के भक्तों की हँसी उड़ाते हैं।

8 वैदिक विधानों के भौतिकतावादी अनुयायी भगवान की पूजा का परित्याग करके गृहस्थ जीवन में लगे रहते है, यौन-जीवन के लिए समर्पित हो जाते हैं और संसारी गपशप में रुचि रखते हैं। भौतिकतावादी गृहस्थ इस प्रकार के मनमाने आचरण के लिए एक-दूसरे को प्रोत्साहित करते हैं। वे अनुष्ठानिक यज्ञ को शारीरिक निर्वाह के लिए आवश्यक साधन मानकर अवैध उत्सव मनाते हैं, जिनमें न तो भोजन करवाया जाता है, न ही ब्राह्मणों तथा अन्य सम्मान्य व्यक्तियों को दक्षिणा दी जाती है। अपने कर्मों के कुपरिणामों को समझे बिना वे क्रूरतापूर्वक पशुओं का वध करते हैं।

9 दुर्मति व्यक्तियों की बुद्धि उस मिथ्या अहंकार से अन्धी हो जाती है, जो धनसम्पदा, ऐश्वर्य, उच्च-कुलीनता, शिक्षा, त्याग, शारीरिक सौन्दर्य, शारीरिक शक्ति तथा वैदिक अनुष्ठानों की सफल सम्पन्नता पर आधारित होता है। इस मिथ्या अहंकार से मदान्ध होकर ऐसे दुष्ट व्यक्ति भगवान तथा उनके भक्तों की निन्दा करते हैं।

10 प्रत्येक देहधारी जीव के हृदय में शाश्वत स्थित रहते हुए भी भगवान उनसे पृथक रहते हैं, जिस तरह कि सर्वव्यापक आकाश किसी भौतिक वस्तु से लिप्त नहीं होता। भगवान परम पूज्य हैं तथा हर वस्तु के परम नियन्ता हैं। वेदों में विस्तार से उनकी महिमा गाई जाती है, किन्तु जो लोग बुद्धिहीन हैं, वे उनके विषय में सुनना नहीं चाहते। वे अपना समय उन मनोरथों की चर्चा करने में बिताते हैं, जो यौन-जीवन तथा मांसाहार जैसे स्थूल इन्द्रियतृप्ति से सम्बन्धित होते हैं।

11 इस भौतिक जगत में बद्धजीव यौन, मांसाहार तथा नशे के प्रति सदैव उन्मुख रहता है। इसीलिए शास्त्र कभी भी ऐसे कार्यों को बढ़ावा नहीं देते। यद्यपि पवित्र विवाह के द्वारा यौन, यज्ञों द्वारा मांसाहार तथा उत्सवों में सुरा के प्याले ग्रहण करके नशे के लिए शास्त्रों का आदेश है, किन्तु ऐसे उत्सवों का, मन्तव्य उनकी ओर विरक्ति उत्पन्न करना है।

12 संचित धन का एकमात्र उचित फल धार्मिकता है, जिसके आधार पर मनुष्य, जीवन की दार्शनिक जानकारी प्राप्त कर सकता है, जो अन्ततः परब्रह्म की प्रत्यक्ष अनुभूति में और इस तरह समस्त कष्ट से मोक्ष में परिणत हो जाता है। किन्तु भौतिकतावादी व्यक्ति अपने धन का उपयोग अपनी पारिवारिक स्थिति की उन्नति में ही करते हैं। वे यह देख नहीं पाते कि दुर्लंघ्य मृत्यु शीघ्र ही उनके दुर्बल भौतिक शरीर को विनष्ट कर देगी।

13 वैदिक आदेशों के अनुसार, यज्ञोत्सवों में जो सुरा प्रदान की जाती है, उसको पीकर नहीं अपितु सूँघकर उपभोग किया जाता है। इसी प्रकार यज्ञों में पशुबलि की अनुमति है, किन्तु व्यापक पशु हत्या के लिए कोई प्रावधान नहीं है। धार्मिक यौन-जीवन की भी छूट है, किन्तु शरीर के विलासात्मक दोहन के लिए नहीं। दुर्भाग्यवश मन्द बुद्धि भौतिकता- वादी यह नहीं समझ पाते कि उनके सारे कर्तव्य नितान्त आध्यात्मिक स्तर पर सम्पन्न होने चाहिए।

14 वे पापी व्यक्ति, जो असली धर्म से अनजान होते हुए भी अपने को पूर्णरूपेण पवित्र समझते हैं, उन निरीह पशुओं के प्रति बिना पश्चाताप किये हिंसा करते हैं, जो उनके प्रति पूर्णतया आश्वस्त होते हैं। ऐसे पापी व्यक्ति अगले जन्मों में उन्हीं पशुओं द्वारा भक्षण किये जाएँगे, जिनका वे इस जगत में वध किये रहते हैं।

15 बद्धजीव अपने शवतुल्य भौतिक शरीर, सम्बन्धियों एवं साज-सामान के प्रति स्नेह से पूरी तरह बँध जाते हैं। ऐसी गर्वित एवं मूर्खतापूर्ण स्थिति में बद्धजीव अन्य जीवों के साथ और भगवान हरि से भी द्वेष करने लगते हैं। इस प्रकार ईर्ष्यावश अन्यों का अपमान करने से बद्धजीव क्रमशः नरक में जा गिरते हैं।

16 वे लोग जिन्होंने परम सत्य का ज्ञान प्राप्त नहीं किया है और जो निपट अज्ञानता के अंधकार से परे हैं, वे सामान्यतया धर्म, अर्थ तथा काम इन तीन पवित्र पुरुषार्थों का अनुसरण करते हैं। अन्य किसी उच्च उद्देश्य के बारे में विचार न करने के कारण, वे अपनी ही आत्मा के हत्यारे (आत्मघाती) बन जाते हैं।

17 इन आत्महन्ताओं को कभी भी शान्ति नहीं मिल पाती, क्योंकि वे यह मानते हैं कि मानवी बुद्धि अन्ततः भौतिक जीवन का विस्तार करने के लिए है। इस तरह अपने असली आध्यात्मिक कर्तव्य की उपेक्षा करते हुए, वे सदैव कष्ट पाते हैं। वे उच्च आशाओं एवं स्वप्नों से पूरित रहते हैं, किन्तु दुर्भाग्यवश काल के अपरिहार्य प्रवाह के कारण ये सब सदैव ध्वस्त हो जाते हैं।

18 जिन लोगों ने ईश्वर की माया के जाल में आकर भगवान वासुदेव से मुख मोड़ लिया है, उन्हें अन्त में बाध्य होकर अपने तथाकथित घर, बच्चे, मित्र, पत्नियाँ तथा सम्बन्धियों को छोड़ना पड़ता है, क्योंकि ये सब भगवान की माया से उत्पन्न हुए थे और ऐसे लोग अपनी इच्छा के विरुद्ध ब्रह्माण्ड के घोर अंधकार में प्रवेश करते हैं।

19 राजा निमि ने पूछा : भगवान प्रत्येक युग में किन रंगों तथा रूपों में प्रकट होते हैं और वे किन नामों तथा विधानों द्वारा मानव समाज में पूजे जाते हैं?

20 श्री करभाजन ने उत्तर दिया: सत्य (कृत), त्रेता, द्वापर तथा कलि इन चारों युगों में से प्रत्येक में भगवान केशव विविध वर्णों, नामों तथा रूपों में प्रकट होते हैं और विविध विधियों से पूजे जाते हैं।

21 सत्ययुग में भगवान श्वेत वर्ण और चतुर्भुजी होते हैं, उनके सिर पर जटाएँ रहती हैं और वे वृक्ष की छाल का वस्त्र पहनते हैं। वे काले हिरण का चर्म, जनेऊ, जप-माला, डंडा तथा कमण्डल धारण किये रहते हैं।

22 सत्ययुग में लोग शान्त, ईर्ष्यारहित, प्रत्येक प्राणी के प्रति मैत्री-भाव से युक्त तथा समस्त स्थितियों में स्थिर रहते हैं। वे तपस्या द्वारा तथा आन्तरिक एवं बाह्य इन्द्रिय संयम द्वारा भगवान की पूजा करते हैं।

23 सत्ययुग में भगवान की महिमा का गायन हंस, सुपर्ण, वैकुण्ठ, धर्म, योगेश्वर, अमल, ईश्वर, पुरुष, अव्यक्त तथा परमात्मा-नामों से किया जाता है।

24 त्रेतायुग में भगवान का वर्ण लाल होता है। उनकी चार भुजाएँ होती है, बाल सुनहरे होते हैं और वे तिहरी पेटी पहनते हैं, जो तीनों वेदों में दीक्षित होने की सूचक है। ऋक, साम तथा यजुर्वेदों में निहित ज्ञान के साकार रूप–भगवान के प्रतीक स्रुक, स्रुवा इत्यादि यज्ञ के पात्र होते हैं।

25 त्रेतायुग में मानव समाज के वे लोग, जो धर्मिष्ठ हैं और परम सत्य को प्राप्त करने में सच्ची श्रद्धा रखते हैं, वे समस्त देवताओं से युक्त भगवान हरि की पूजा करते हैं। इस युग में तीनों वेदों में दिये गए यज्ञ अनुष्ठानों के द्वारा भगवान की पूजा की जाती है।

26 त्रेतायुग में विष्णु, यज्ञ, पृश्निगर्भ, सर्वदेव, उरुक्रम, वृषाकपि, जयन्त तथा उरुगाय नामों से भगवान का गुणगान किया जाता है।

27 द्वापर युग में भगवान श्याम-वर्ण युक्त और पीताम्बर धारण किये प्रकट होते हैं। इस अवतार में भगवान के दिव्य शरीर में श्रीवत्स तथा अन्य विशेष आभूषण अंकित रहते हैं और वे अपने निजी आयुध प्रकट करते हैं।

28 हे राजन, द्वापर युग में जो लोग परम भोक्ता भगवान को जानने के इच्छुक होते हैं, वे वेदों तथा तंत्रों के आदेशानुसार, उन्हें महान राजा के रूप में आदर देते हुए पूजा करते हैं।

29-30 “हे परम स्वामी वासुदेव, आपको तथा आपके संकर्षण, प्रद्युम्न तथा अनिरुद्ध-रूपों को नमस्कार है। हे भगवान, आपको नमस्कार है। हे नारायण ऋषि, हे ब्रह्माण्ड के स्रष्टा, पुरुषों में सर्वश्रेष्ठ, इस जगत के स्वामी तथा ब्रह्माण्ड के आदि स्वरूप, हे समस्त जीवों के परमात्मा, आपको सादर नमस्कार है।"

31 हे राजन, इस तरह से द्वापर युग में लोग ब्रह्माण्ड के स्वामी का यशोगान करते थे। कलियुग में भी लोग शास्त्रों के विविध नियमों का पालन करते हुए भगवान की पूजा करते हैं। अब कृपा करके आप मुझसे इसके बारे में सुनें।

32 कलियुग में बुद्धिमान व्यक्ति ईश्वर के उस अवतार की पूजा करने के लिए सामूहिक कीर्तन (संकीर्तन) करते हैं, जो निरन्तर कृष्ण के नाम का गायन करता है। यद्यपि उसका वर्ण श्यामल (कृष्ण) नहीं है किन्तु वह साक्षात कृष्ण है। वह अपने संगियों, सेवकों, आयुधों तथा विश्वासपात्र साथियों की संगत में रहता है।

33 हे प्रभु आप महापुरुष हैं और मैं आपके उन चरणकमलों की पूजा करता हूँ, जो शाश्वत ध्यान के एकमात्र लक्ष्य हैं, भौतिक जीवन की चिन्ताओं को नष्ट करते हैं और आत्मा की सर्वोच्च इच्छा – शुद्ध भगवतप्रेम की प्राप्ति--प्रदान करते हैं। हे प्रभु, आपके चरणकमल समस्त तीर्थस्थानों के तथा भक्ति-परम्परा के समस्त सन्त-महापुरुषों के आश्रय हैं और शिव तथा ब्रह्मा जैसे शक्तिशाली देवताओं द्वारा सम्मानित होते हैं। हे प्रभु, आप इतने दयालु हैं कि आप उन सबों की रक्षा करते हैं, जो आदरपूर्वक आपको नमस्कार करते हैं। इस तरह आप अपने सेवकों के सारे कष्टों को दयापूर्वक दूर कर देते हैं। निष्कर्ष रूप में, हे प्रभु, आपके चरणकमल वास्तव में जन्म तथा मृत्यु के सागर को पार करने के लिए उपयुक्त नाव हैं, इसीलिए ब्रह्मा तथा शिव भी आपके चरणकमलों में आश्रय की तलाश करते रहते हैं।

34 हे महापुरुष, मैं आपके चरणकमलों की पूजा करता हूँ। चैतन्य महाप्रभु ब्राह्मण रूप में भगवान कृष्ण हैं, अतएव वे निश्चय ही धर्मिष्ठ: अर्थात अत्यन्त धार्मिक है। चैतन्य महाप्रभु ने धर्मपथ के अत्यन्त श्रद्धालु अनुयायी होकर, ब्राह्मण के शाप को वरदान माना और तुरन्त संन्यास ग्रहण किया। तत्पश्चात भगवान की बहिरंगा शक्ति से मोहित तथा विचलित बद्धजीवों के उद्धार हेतु संकीर्तन यज्ञ की संस्तुति की। विभिन्न जंगलों से होकर वृन्दावन तथा उसके बाद दक्षिण भारत की यात्रा की।

35 इस प्रकार हे राजन, भगवान हरि जीवन के समस्त वांछित फलों को देनेवाले हैं। बुद्धिमान मनुष्य भगवान के उन विशेष रूपों तथा नामों की पूजा करते हैं, जिन्हें भगवान विभिन्न युगों में प्रकट करते हैं।

36 जो लोग सचमुच ज्ञानी हैं, वे इस कलियुग के असली महत्व को समझ सकते हैं। ऐसे प्रबुद्ध लोग कलियुग की पूजा करते हैं, क्योंकि इस पतित युग में जीवन की सम्पूर्ण सिद्धि संकीर्तन सम्पन्न करके आसानी से प्राप्त की जा सकती है।

37 निस्सन्देह, भौतिक जगत में विचरण करने के लिए बाध्य किये गए देहधारी जीवों के लिए भगवान के संकीर्तन आन्दोलन से बढ़कर और कोई सम्भावित लाभ नहीं है, जिसके द्वारा वह परम शान्ति पा सके और अपने को बारम्बार जन्म-मृत्यु के चक्र से छुड़ा सके।

38-40 हे राजन, सत्ययुग तथा उसके पूर्व के अन्य युगों के निवासी इस कलियुग में जन्म लेने की तीव्र कामना करते हैं, क्योंकि इस युग में भगवान नारायण के अनेक भक्त होंगे। ये भक्तगण विविध लोकों में प्रकट होंगे, किन्तु दक्षिण भारत में विशेष रूप से जन्म लेंगे। हे मनुष्यों के स्वामी, कलियुग में जो व्यक्ति द्रविड़ देश की पवित्र नदियों, यथा ताम्रपर्णि, कृतमाला, पयस्विनी, अतीव पवित्र कावेरी, प्रतीची तथा महानदी का जलपान करेंगे, वे सभी भगवान वासुदेव के भक्त होंगे।

41 हे राजन, जिस व्यक्ति ने सारे भौतिक कार्यों को त्यागकर उन मुकुन्द के चरणकमलों में पूरी तरह शरण ले रखी है, जो सबों को आश्रय देते हैं, ऐसा व्यक्ति देवताओं, ऋषियों सामान्य जीवों, सम्बन्धियों, मित्रों, मनुष्यों या दिवंगत हो चुके पितरों का ऋणी नहीं रहता। चूँकि इन सभी श्रेणियों के जीव भगवान के ही भिन्नांश हैं, अतः जिसने भगवान की सेवा में अपने को समर्पित कर दिया है, उसे ऐसे व्यक्तियों की अलग से सेवा करने की आवश्यकता नहीं रह जाती।

42 जिस मनुष्य ने अन्य सारे कार्यकलापों को त्यागकर भगवान हरि के चरणकमलों की पूर्ण शरण ग्रहण कर ली है, वह भगवान को अत्यन्त प्रिय है। निस्सन्देह ऐसा शरणागत जीव संयोगवश कोई पापकर्म कर ले तो भगवान, तुरन्त ही ऐसे पाप के फल को समाप्त कर देते हैं।

43 नारदमुनि ने कहा: इस तरह भक्तियोग की बातें सुनकर मिथिला के राजा निमि अत्यन्त संतुष्ट हुए और अपने यज्ञ-पुरोहितों सहित जयन्ती के मेधावी पुत्रों का सत्कार किया।

44 तब वे सिद्ध मुनिगण वहाँ पर उपस्थित सबकी आँखों के सामने से अदृश्य हो गये। राजा निमि ने उनसे सीखे गये आध्यात्मिक जीवन के नियमों का श्रद्धापूर्वक अभ्यास किया और इस तरह जीवन के परम लक्ष्य को प्राप्त किया।

45 हे परम भाग्यशाली वसुदेव, आपने भक्ति के जिन नियमों को सुना है, उनका श्रद्धापूर्वक व्यवहार करें और इस तरह भौतिक संगति से छूटकर, आप परम पुरुष को प्राप्त होंगे।

46 निस्सन्देह, सारा संसार आप तथा आपकी पत्नी के यश से भरापुरा हो चुका है, क्योंकि भगवान हरि ने आपके पुत्र का स्थान अपनाया है।

47 हे वसुदेव, आप तथा आपकी उत्तम पत्नी देवकी ने कृष्ण को अपने पुत्र रूप में स्वीकार करके उनके प्रति महान दिव्य प्रेम दर्शाया है। निस्सन्देह आप दोनों भगवान का सदैव दर्शन तथा आलिंगन करते रहे हैं, उनसे बातें करते रहे हैं, उनके साथ विश्राम करते, उठते-बैठते तथा उनके साथ भोजन करते रहे हैं। भगवान के साथ ऐसे स्नेहपूर्ण तथा घनिष्ठ संग से आप दोनों ने अपने हृदयों को पूरी तरह शुद्ध बना लिया है। दूसरे शब्दों में, आप दोनों पहले से पूर्ण हो।

48 शिशुपाल, पौण्ड्रक तथा शाल्व जैसे विरोधी राजा, भगवान कृष्ण के विषय में निरन्तर सोचते रहते थे। सोते, बैठते या अन्य कार्य करते हुए भी वे भगवान के चलने-फिरने, उनकी क्रीड़ाओं, भक्तों पर उनकी प्रेमपूर्ण चितवन तथा उनके द्वारा प्रदर्शित अन्य आकर्षक स्वरूपों के विषय में ईर्ष्याभाव से ध्यान करते रहते थे। इस तरह कृष्ण में सदैव लीन रहकर, उन्होंने भगवान के धाम में मुक्ति प्राप्त की। तो फिर उन लोगों को दिये जाने वाले वरों के विषय में क्या कहा जाय, जो अनुकूल प्रेमभाव से निरन्तर भगवान कृष्ण पर ही अपने मन को एकाग्र रखते हैं?

49 कृष्ण को सामान्य बालक मत समझिये, क्योंकि वे भगवान, अव्यय तथा सबों की आत्मा (परमात्मा) हैं। भगवान ने अपने अचिन्त्य ऐश्वर्य को छिपा रखा है, इसीलिए वे बाहर से सामान्य मनुष्य जैसे प्रतीत होते हैं।

50 भगवान पृथ्वी के भारस्वरूप आसुरी राजाओं का वध करने तथा सन्तभक्तों की रक्षा करने के लिए अवतरित हुए हैं। किन्तु असुर तथा भक्त दोनों ही को भगवतकृपा से मुक्ति प्रदान की जाती है। इस तरह उनका दिव्य यश ब्रह्माण्ड-भर में फैल गया है।

51 श्रील शुकदेव गोस्वामी ने कहा: यह कथा सुनकर परम भाग्यशाली वसुदेव पूर्णतया आश्चर्यचकित हो गये। इस प्रकार उन्होंने तथा उनकी परम भाग्यशालिनी पत्नी देवकी ने उस भ्रम तथा चिन्ता को त्याग दिया, जो उनके हृदयों में घर कर चुकी थी।

52 जो स्थिर चित्त होकर इस पवित्र ऐतिहासिक कथा का ध्यान करता है, वह इसी जीवन में सर्वोच्च सिद्धि प्राप्त करेगा।

(समर्पित एवं सेवारत – जगदीश चन्द्र चौहान)

 

E-mail me when people leave their comments –

You need to be a member of ISKCON Desire Tree | IDT to add comments!

Join ISKCON Desire Tree | IDT

Comments

  • https://youtu.be/D2ffADhsz48
    🙏हरे कृष्ण हरे कृष्ण - कृष्ण कृष्ण हरे हरे
    हरे राम हरे राम - राम राम हरे हरे🙏
  • “हे परम स्वामी वासुदेव, आपको तथा आपके संकर्षण, प्रद्युम्न तथा अनिरुद्ध-रूपों को नमस्कार है। हे भगवान, आपको नमस्कार है। हे नारायण ऋषि, हे ब्रह्माण्ड के स्रष्टा, पुरुषों में सर्वश्रेष्ठ, इस जगत के स्वामी तथा ब्रह्माण्ड के आदि स्वरूप, हे समस्त जीवों के परमात्मा, आपको सादर नमस्कार है।"💐💐हरे कृष्ण💐💐💐
This reply was deleted.