अध्याय तेईस – अवन्ती ब्राह्मण का गीत (11.23)
1 श्रील शुकदेव गोस्वामी ने कहा: जब भक्तो में श्रेष्ठ श्री उद्धव ने दाशार्ह प्रमुख भगवान मुकुन्द से इस तरह सादर अनुरोध किया, तो पहले उन्होंने अपने सेवक के कथन की उपयुक्तता स्वीकार की। भगवान, जिनके यशस्वी कार्य (लीलाएँ) ही श्रवण करने योग्य हैं, ने उद्धव से इस प्रकार कहा।
2 भगवान श्रीकृष्ण ने कहा: हे बृहस्पति-शिष्य, इस जगत में कोई भी ऐसा साधु पुरुष नहीं है, जो असभ्य व्यक्तियों के अपमानजनक शब्दों से विचलित हुए अपने मन को फिर से स्थिर कर सके।
3 पैने बाण छाती को बेधकर हृदय तक पहुँचने पर उतना कष्ट नहीं देते जितने कि असभ्य पुरुषों द्वारा बोले जाने वाले कटु, अपमानजनक शब्दतीर जो हृदय के भीतर तक धँस जाते हैं।
4 हे उद्धव, इस सम्बन्ध में एक अत्यन्त पावन कथा कही जाती है जिसे अब मैं तुमसे कहूँगा। तुम उसे ध्यानपूर्वक सुनो।
5 एक बार किसी संन्यासी को दुर्जनों द्वारा नाना प्रकार से अपमानित किया गया। किन्तु उसने धैर्यपूर्वक स्मरण किया कि वह अपने ही विगत कर्मों का फल भोग रहा है। मैं तुमसे यह इतिहास तथा उसने जो कुछ कहा था उसे सुनाऊँगा।
6 अवन्ती देश में कोई एक ब्राह्मण रहता था, जो अत्यन्त धनी तथा व्यापार-कार्य में लगा हुआ था, किन्तु वह अत्यन्त कंजूस, कामी, लालची तथा क्रोधी था।
7 उसका घर धर्म तथा वैध इन्द्रियतृप्ति से विहीन होने से, उसमें पारिवारिक जनों तथा अतिथियों का ठीक से, यहाँ तक कि वाणी से भी, आदर नहीं होता था। वह समुचित अवसरों पर अपने शरीर की भी इन्द्रियतृप्ति नहीं होने देता था।
8 चूँकि वह हृदय से कठोर तथा कंजूस था, इसलिए उसकी पत्नी, पुत्रियाँ, पुत्र, नौकर तथा सम्बन्धी, उसके प्रति वैरभाव रखने लगे। ऊब जाने के कारण वे उससे कभी भी स्नेहपूर्ण व्यवहार नहीं करते थे।
9 इस तरह पाँच पारिवारिक यज्ञों के अधिष्ठाता देव उस ब्राह्मण से क्रुद्ध हो उठे जो कि कंजूस होने के कारण अपनी सम्पत्ति की रखवाली यक्ष की तरह करता था और जिसका न इस जगत में, न ही उस लोक में कोई अच्छा गन्तव्य था और जो धर्म तथा विषयभोग से पूरी तरह विहीन हो गया था।
10 हे वदान्य उद्धव, इन देवताओं की उपेक्षा करने से उसके पुण्य तथा उसकी सारी सम्पत्ति का भण्डार खाली हो गया। उसके परिश्रम युक्त प्रयास द्वारा संचित भण्डार पूरी तरह क्षय हो गया।
11 हे उद्धव, इस तथाकथित ब्राह्मण का कुछ धन उसके सम्बन्धियों ने, कुछ चोरों ने, कुछ भाग्य ने, कुछ काल के फेर ने, कुछ सामान्य जनों ने तथा कुछ सरकारी अधिकारियों ने हथिया लिया।
12 अन्त में जब उसकी सम्पत्ति पूरी तरह नष्ट हो गई, तो वह ब्राह्मण जिसने कभी भी धर्म या इन्द्रियभोग नहीं किया था, अपने पारिवारिक जनों से उपेक्षित किया जाने लगा। इस प्रकार वह असहनीय चिन्ता का अनुभव करने लगा।
13 अपनी सारी सम्पत्ति खो जाने से उसे महान पीड़ा तथा शोक हुआ। उसका गला आँसुओं से रुँध गया और वह दीर्घकाल तक अपनी सम्पत्ति के बारे में सोचता रहा। तब उसके मन में वैराग्य की प्रबल अनुभूति जागृत हुई।
14 ब्राह्मण इस प्रकार बोला: हाय! क्या दुर्भाग्य है मेरा! मैंने उस धन के लिए इतना कठिन परिश्रम करते हुए व्यर्थ ही अपने को कष्ट पहुँचाया जो न तो धर्म के लिए था, न ही भौतिक भोग के लिए था।
15 सामान्यतया कंजूसों की सम्पत्ति उन्हें कभी कोई सुख नहीं दे पाती। इस जीवन में यह उनका आत्म-पीड़न करती है और उनके मरने पर उन्हें नरक भेजती है।
16 प्रसिद्ध व्यक्ति की जो भी शुद्ध ख्याति होती है और गुणवान में जो भी प्रशंसनीय गुण रहते हैं, वे किंचित मात्र लालच से उसी तरह नष्ट हो जाते हैं जिस तरह आकर्षक शारीरिक सौन्दर्य रंचमात्र श्वेत कुष्ठ से नष्ट हो जाता है।
17 सभी मनुष्यों को सम्पत्ति की कमाई, प्राप्ति, वृद्धि, रक्षा, व्यय, हानि तथा उपभोग में भारी श्रम, भय, चिन्ता तथा भ्रम का अनुभव होता है।
18-19 चोरी, हिंसा, असत्य भाषण, दुहरा बर्ताव, काम, क्रोध, चिन्ता, दर्प, झगड़ा-लड़ाई, शत्रुता, अविश्वास, ईर्ष्या, स्त्रियों के द्वारा उत्पन्न संकट, जुआ खेलना तथा नशा करना – ये पन्द्रह दुर्गुण सम्पत्ति-लोभ के कारण मनुष्यों को दूषित बनानेवाले हैं। यद्यपि ये दुर्गुण हैं किन्तु लोग भ्रमवश इनको महत्त्व देते हैं। इसलिए जिस व्यक्ति को जीवन का असली लाभ उठाना हो, वह अवांछित भौतिक सम्पत्ति से अपने को अलग रखे।
20 यहाँ तक कि मनुष्य के सगे भाई, पत्नी, माता-पिता तथा मित्र जो उससे प्रेम से बद्ध थे, तुरन्त ही अपना स्नेह-सम्बन्ध तोड़ लेते हैं और एक कौड़ी के कारण शत्रु बन जाते हैं।
21 ये सम्बन्धी तथा मित्रगण थोड़े-से भी धन के लिए अत्यन्त उद्वेलित हो उठते हैं और क्रोध से आग-बबूला हो जाते है। प्रतिद्वन्द्वी बनकर वे तुरन्त सारी सदभावनाएँ त्याग देते हैं और क्षण-भर में ही उसका परित्याग करके उसकी हत्या तक की नौबत आ जाती हैं।
22 जो लोग देवताओं द्वारा भी प्रार्थित मनुष्य जीवन प्राप्त करते हैं और उस मनुष्य जन्म में सर्वोत्तम ब्राह्मण पद को प्राप्त होते हैं, वे अत्यन्त भाग्यशाली हैं। यदि वे इस महत्त्वपूर्ण अवसर की अवहेलना करते हैं, तो वे निश्चय ही अपने निजी हित का हनन करते हैं और विकट दुखद अन्त को प्राप्त होते हैं।
23 ऐसा मर्त्य व्यक्ति कौन होगा जो इस मनुष्य जीवन को जो कि स्वर्ग तथा मोक्ष का द्वार है, प्राप्त करके भौतिक सम्पत्ति रूपी व्यर्थ के धाम के प्रति अनुरक्त होगा?
24 जो व्यक्ति अपनी सम्पत्ति को उचित भागीदारों – देवताओं, ऋषियों, पितरों, सामान्य जीवों में, अपने निकट सम्बन्धियों, ससुराल वालों और स्वयं में वितरित नहीं कर देता, वह मात्र यक्ष की तरह अपनी सम्पत्ति को बनाये रखता है और अधोगति को प्राप्त होगा।
25 विवेकशील व्यक्ति अपने धन, यौवन तथा बल को सिद्धि प्राप्त करने हेतु लगाने में सक्षम होते हैं। किन्तु मैंने आकुल होकर अपनी सम्पत्ति के संवर्धन के, व्यर्थ के प्रयास में ही इनको लुटा दिया है। अब वृद्ध हो चुकने पर मैं क्या प्राप्त कर सकता हूँ?
26 बुद्धिमान मनुष्य सम्पत्ति पाने के लिए व्यर्थ के सतत प्रयासों से कष्ट क्यों भोगे? निस्सन्देह, यह सारा संसार किसी की मायाशक्ति से अत्यधिक मोहग्रस्त है।
27 जो व्यक्ति मृत्यु के चंगुल में जकड़ा हो, उसके लिए धन या उस धन को देने वाले, इन्द्रियतृप्ति अथवा इन्द्रियतृप्ति प्रदान करने वाले या किसी प्रकार का सकाम कर्म जो उसे इस भौतिक जगत में फिर से जन्म दिलाये, इन सबसे क्या लाभ है?
28 समस्त देवों से युक्त भगवान हरि अवश्य ही मुझ पर प्रसन्न हैं। उन्होंने ही मुझे इस कष्टमय स्थिति तक पहुँचाया है और वैराग्य का अनुभव करने के लिए बाध्य कर दिया है, जो इस भवसागर को पार कराने की नाव है।
29 यदि मेरे जीवन का कोई समय शेष है, तो मैं तपस्या करूँगा और अपने शरीर की आवश्यकताओं को कम से कम कर दूँगा। अब मैं और अधिक भ्रम में न पड़कर जीवन के समग्र आत्म-हित में लगकर अपने आप में तुष्ट रहूँगा।
30 इस तरह इन तीनों लोकों के अधिष्ठाता देवता मुझ पर कृपा करें। निस्सन्देह, महाराज खटवांग को क्षण-भर में वैकुण्ठलोक प्राप्त हो गया था।
31 भगवान कृष्ण ने कहा: वह दृढ़ संकल्प वाला सर्वोत्तम अवन्ती ब्राह्मण अपने हृदय की इच्छारूपी ग्रंथियों को खोलने में समर्थ हो गया। तब उसने शान्त तथा मौन संन्यासी साधु की भूमिका ग्रहण कर ली।
32 वह अपनी बुद्धि, इन्द्रियों तथा प्राणवायु को, वश में रखते हुए पृथ्वी पर विचरण करने लगा। भिक्षा माँगने के लिए वह विविध नगरों तथा ग्रामों में अकेले ही यात्रा करता। उसने अपने उच्च आध्यात्मिक पद का प्रचार नहीं किया, इसलिए अन्य लोग उसे पहचान नहीं पाते थे।
33 हे दयालु उद्धव, उस वृद्ध को, मलिन भिखारी के रूप में देखकर उधमी व्यक्ति अनेक प्रकार से उसे अपमानित करने लगे।
34 इनमें से कुछ लोग तो उसका संन्यासी दण्ड छीन लेते और कुछ उस जलपात्र को, जिसे वह भिक्षापात्र के रूप में काम में ला रहा था। कोई उसका मृगचर्म आसन, तो कोई उसकी जपमाला ले लेता और कोई उसकी फटी-पुरानी गुदड़ी चुरा लेता; वे इन वस्तुओं को उसे दिखा-दिखाकर वापस करने का बहाना करते किन्तु उन्हें पुनः छिपा देते।
35 जब वह भिक्षा द्वारा एकत्र किये गये भोजन को खाने के लिए नदी के तट पर बैठता, तो ऐसे पापी धूर्त आकर उस पर पेशाब कर देते और उसके सिर पर थूकने का दुस्साहस करते।
36 यद्यपि उसने मौन व्रत धारण कर रखा था, किन्तु वे उससे बोलवाने का प्रयास करते और यदि वह न बोलता तो उसे लाठियों से पीटते थे। लोग उसे यह कहकर प्रताड़ित करते कि यह आदमी चोर है। अन्य लोग उसे रस्सी से बाँध देते और चिल्लाते, “इसे बाँध दो! इसे बाँध दो!”
37 वे यह कहकर उसकी आलोचना और अपमान करते "यह व्यक्ति तो ढोंगी और ठग है। यह व्यक्ति धर्म को इसलिए पेशा बनाये हुए है क्योंकि इसने अपनी सारी सम्पत्ति गँवा दी है और इसके परिवार वालों ने इसे बाहर निकाल दिया है।
38-39 कुछ लोग यह कहकर उसका मजाक उड़ाते, “जरा देखो न इस अत्यन्त शक्तिशाली ऋषि को! यह हिमालय पर्वत की तरह धैर्यवान है। यह अपने मौनव्रत से महान संकल्प करके अपना लक्ष्य पाने के लिए एक बगुले की भाँति बना हुआ है।" अन्य लोग उसके ऊपर अपानवायु छोड़ते और कुछ लोग इस द्विज ब्राह्मण को जंजीरों से बाँधकर पालतू पशु की तरह बन्दी बनाकर रखते।
40 वह ब्राह्मण समझ गया कि उसका सारा कष्ट – अन्य जीवों, प्रकृति की उच्च शक्तियों तथा अपने ही शरीर से जन्य – दुर्निवार है क्योंकि यह विधाता द्वारा निश्चित हुआ है।
41 इन निम्न कोटियों के व्यक्तियों द्वारा, जो उसे पतित करने का प्रयास कर रहे थे, अपमानित होने पर भी, वह अपने आध्यात्मिक कर्म में अडिग बना रहा। सतोगुण में अपना संकल्प स्थिर करके, वह निम्नलिखित गीत गाने लगा।
42 ब्राह्मण ने कहा: न तो ये लोग मेरे सुख तथा दुख के कारण हैं, न ही देवता, मेरा शरीर, ग्रह, मेरे विगत कर्म या काल ही। प्रत्युत यह तो एकमात्र मन है, जो सुख तथा दुख का कारण है जो भौतिक जीवन को निरन्तर घुमाता रहता है।
43 शक्तिशाली मन भौतिक गुणों को कार्यशील बनाता है, जिससे सतो, तमो तथा रजोगुण से सम्बद्ध विभिन्न प्रकार के भौतिक कार्यकलाप विकसित होते हैं, इनमें से प्रत्येक गुणवाले कार्यों से संगत जीवन दशाएँ (गतियाँ) उत्पन्न होती हैं।
44 परमात्मा यद्यपि भौतिक शरीर के भीतर संघर्षशील मन के साथ उपस्थित रहता है, किन्तु वह प्रयास नहीं करता (निष्क्रिय रहता है) क्योंकि वह पहले से ही दिव्य प्रकाश से समन्वित होता है। वह मेरे मित्र की भाँति कार्य करते हुए अपने दिव्य पद से केवल साक्षी बनता है। दूसरी ओर अत्यन्त सूक्ष्म आत्मा रूप, मैं इस मन को अपना चुका हूँ जो भौतिक जगत के प्रतिबिम्ब को परावर्तित करनेवाला दर्पण है। इस तरह मैं इन्द्रियविषयों का भोग करने में लगा हूँ और प्रकृति के गुणों के सम्पर्क के कारण बँधा हुआ हूँ।
45 दान, धर्म, यम तथा नियम, शास्त्रों का श्रवण, पुण्यकर्म तथा शुद्ध बनाने वाले व्रत – इन सबका अन्तिम लक्ष्य मन को वश में लाना है। निस्सन्देह, परमेश्वर में मन की एकाग्रता ही सर्वोच्च योग है।
46 यदि किसी का मन पूर्णतया स्थिर तथा शान्त हो, तो आप मुझे यह बतायें कि मनुष्य को कर्मकाण्डी दान तथा अन्य पुण्यकर्म करने की क्या आवश्यकता है? और यदि किसी का मन असंयत रहता है, अज्ञान में डूबा रहता है, तो फिर उसके लिए इन कार्यों से क्या लाभ?
47 सारी इन्द्रियाँ अनन्तकाल से मन के वश में रही हैं और मन कभी भी किसी अन्य के बहकावे में नहीं आता। वह बलवानों से भी बलवान है और उसकी देवतुल्य शक्ति भयावह है। इसलिए जो अपने मन को वश में कर सकता है, वह सभी इन्द्रियों का स्वामी बन जाता है।
48 अनेक लोग इस दुर्जेय शत्रुरूपी मन को, जिसके वेग असह्य हैं और जो हृदय को सताता है जीत न पाने पर, पूर्णतया विमोहित हो जाते हैं और अन्यों से व्यर्थ ही कलह की ठान लेते हैं। इस तरह वे इस निष्कर्ष पर पहुँचते हैं कि अन्य लोग या तो उनके मित्र हैं अथवा उनके शत्रु हैं या फिर उनसे उदासीन रहनेवाले हैं।
49 जो लोग अपनी पहचान इस शरीर से करते हैं, जो भौतिक मन की उपज है, उनकी बुद्धि मारी जाती है और वे 'मैं' तथा 'मेरा' के रूप में सोचते हैं। अपने इस भ्रम के कारण कि, “यह मैं हूँ किन्तु वह अन्य कोई है" वे लोग अनन्त अंधकार में भटकते रहते हैं।
50 यदि आप यह कहते हैं कि ये लोग ही मेरे सुख तथा दुख के कारण हैं, तो फिर ऐसी धारणा होने पर आत्मा के लिए स्थान कहाँ रहता है? यह सुख तथा दुख आत्मा का नहीं होता अपितु भौतिक शरीरों की अन्योन्य क्रियाओं का है। यदि किसी व्यक्ति की जीभ अपने ही दाँतों से कट जाये, तो इस पीड़ा के लिए वह किस पर क्रोध करे?
51 यदि आप कहें कि शारीरिक इन्द्रियों के अधिष्ठाता देवता दुख के देनेवाले हैं, तो भी ऐसा दुख आत्मा पर कैसे लागू हो सकता है? यह कर्म करना तथा उसके द्वारा प्रभावित होना, परिवर्तनशील इन्द्रियों तथा उनके अधिष्ठाता देवों की अन्योन्य क्रिया मात्र है। यदि शरीर का कोई अंग दूसरे अंग पर आक्रमण करे तो उस शरीर का धारक व्यक्ति किस पर क्रोध करे?
52 यदि आत्मा ही सुख तथा दुख का कारण होता, तो हम अन्यों को दोष न दे पाते, क्योंकि तब सुख तथा दुख आत्मा के स्वभाव होते। इस मत के अनुसार आत्मा से भिन्न अन्य कुछ विद्यमान नहीं होता और यदि हमें आत्मा के अतिरिक्त और किसी वस्तु का अनुभव करना पड़ता तो वह मोह होता। इसलिए कोई अपने ऊपर या अन्यों पर क्रोध क्यों करे क्योंकि इस मत के अनुसार सुख तथा दुख का वास्तविक अस्तित्व ही नहीं है।
53 यदि हम इस संकल्पना की परीक्षा करें कि ग्रह ही सुख तथा दुख के तुरन्त कारणरूप हैं, तो भी नित्य आत्मा से उसका सम्बन्ध कहाँ है? आखिर, ग्रहों का प्रभाव केवल उन्हीं वस्तुओं पर पड़ता है जिनका जन्म हो चुका है। इसके अतिरिक्त कुशल ज्योतिषियों ने बतलाया है कि किस तरह विभिन्न ग्रह एक-दूसरे को केवल पीड़ा पहुँचाते हैं। इसलिए, जीव जो कि इन ग्रहों तथा शरीर से पृथक है, वह अपना क्रोध किस पर प्रकट करे?
54 यदि हम यह मान लें कि सकाम कर्म सुख तथा दुख का कारण है, तो भी हम आत्मा की बात नहीं करते। भौतिक कर्म का भाव तब उदय होता है जब कोई चेतनकर्ता और भौतिक शरीर होता है, जो ऐसे कर्म के फल के रूप में सुख तथा दुख के विकारों को प्राप्त होता है। चूँकि शरीर में जीवन नहीं होता, इसलिए यह न तो सुख-दुख का असली प्रापक हो सकता है न ही आत्मा जो अन्ततः पूर्णतया आध्यात्मिक है और शरीर से पृथक रहता है। चूँकि कर्म का न तो शरीर पर, न ही आत्मा पर कोई परम आधार है, तो फिर कोई किस पर क्रोध करे?
55 यदि हम काल को सुख तथा दुख का कारण मान लें, तो भी यह अनुभव आत्मा पर लागू नहीं हो सकता क्योंकि काल भगवान की आध्यात्मिक शक्ति की अभिव्यक्ति है और जीव भी उसी शक्ति के अंश हैं, जो काल के माध्यम से प्रकट होती है। यह निश्चित है कि आग अपनी लौ या चिंगारियों को नहीं जलाती, न ही शीत अपने ही रूप ओलों को हानि पहुँचाती है। वस्तुतः आत्मा दिव्य है और भौतिक सुख-दुख के अनुभव से परे हैं। इसलिए कोई किस पर क्रोध प्रकट करे?
56 मिथ्या अहंकार मायामय जगत को स्वरूप प्रदान करता है और इस तरह वह भौतिक सुख तथा दुख का अनुभव करता है। किन्तु आत्मा भौतिक प्रकृति से परे है। वह किसी भी स्थान, किसी भी दशा में या किसी भी व्यक्ति के माध्यम से भौतिक सुख तथा दुख द्वारा प्रभावित नहीं होता। जो व्यक्ति इसे समझ लेता है उसे भौतिक सृष्टि से डरने की कोई बात नहीं।
57 मैं कृष्ण के चरणकमलों की सेवा में दृढ़ रहकर अविद्या के दुर्लंघ्य सागर को पार कर जाऊँगा। इसकी पुष्टि पिछले आचार्यों द्वारा की गई है, जो परमात्मा अर्थात पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान की भक्ति में स्थिर थे।
58 भगवान श्रीकृष्ण ने कहा :अपनी सम्पत्ति नष्ट होने से इस तरह विरक्त हुए इस साधु ने अपनी खिन्नता त्याग दी। उसने संन्यास ग्रहण करके घर त्याग दिया और पृथ्वी पर विचरण करने लगा। वह मूर्ख धूर्तों द्वारा अपमानित किये जाने पर भी अपने कर्तव्य में अविचल बना रहा और उसने यह गीत गाया।
59 मनुष्य का अपना ही मानसिक भ्रम आत्मा को सुख तथा दुख का अनुभव कराता है, अन्य कोई नहीं। मित्रों, निरपेक्ष लोगों तथा शत्रुओं के विषय में उसकी धारणा तथा इस धारणा के चारों ओर जिस भौतिक जीवन का वह निर्माण करता है, सभी मात्र अज्ञान के कारण उत्पन्न होते हैं।
60 हे उद्धव, तुम्हें चाहिए कि अपनी बुद्धि मुझ पर स्थिर करके अपने मन को पूरी तरह से वश में लाओ। योग के विज्ञान का सार यही है।
61 जो कोई भी संन्यासी के इस गीत को सुनता या अन्यों को सुनाता है, जिसमें परम पुरुष विषयक वैज्ञानिक ज्ञान प्रस्तुत हुआ है तथा इस तरह जो कोई पूरे मनोयोग से इसका ध्यान करता है, वह फिर कभी भौतिक सुख-दुख के द्वैत से अभिभूत नहीं होगा।
(समर्पित एवं सेवारत – जगदीश चन्द्र चौहान)
Comments
हरे राम हरे राम - राम राम हरे हरे🙏
🙏हरे कृष्ण हरे कृष्ण - कृष्ण कृष्ण हरे हरे
हरे राम हरे राम - राम राम हरे हरे🙏