10892311493?profile=RESIZE_192X

अध्याय सत्तर – भगवान कृष्ण की दैनिक चर्या (10.70)

1 श्रील शुकदेव गोस्वामी ने कहा: जैसे जैसे प्रभात निकट आने लगा वैसे वैसे भगवान माधव की सारी पत्नियाँ जो आलिंगित थीं, बाँग देते मुर्गों को कोसने लगीं। ये विक्षुब्ध थीं क्योंकि अब वे उनसे विलग हो जायेंगी।

2 पारिजात उद्यान से आने वाली सुगन्धित वायु से उत्पन्न भौरों की गुनगुनाहट ने पक्षियों को नींद से जगा दिया और जब ये पक्षी जोर जोर से चहचहाने लगे, तो उन्होंने भगवान कृष्ण को जगा दिया मानो दरबारी कवि उनके यश का गायन कर रहे हों।

3 अपने प्रियतम की बाहों में लेटी हुई महारानी वैदर्भी को यह परम शुभ वेला नहीं भाती थी क्योंकि इसका अर्थ यह था कि वे उनके आलिंगन से विहीन हो जायेंगी।

4-5 भगवान माधव ब्रह्म मुहूर्त में उठते और जल का स्पर्श किया करते थे। तब स्वच्छ मन से वे एकाकी, आत्म-प्रकाशित, अनन्य तथा अच्युत परम सत्य ब्रह्मरूप स्वयं का ध्यान करते – जो स्वभाव से ही सारे कल्मष को दूर करनेवाला है, जो अपनी उन निजी शक्तियों के द्वारा – जो इस ब्रह्माण्ड का सृजन, पालन और संहार करती हैं – अपना ही शुद्ध तथा आनन्दमय स्वरूप प्रकट करता है।

6 तब पुरुषों में अत्यन्त साधु सदृश भगवान कृष्ण पवित्र जल में स्नान करते और प्रातःकालीन पूजा इत्यादि सारे नियमित कार्य सम्पन्न करते। फिर पवित्र अग्नि में आहुति देकर वे मन ही मन गायत्री मंत्र का जाप करते।

7-9 प्रतिदिन भगवान उदय होते सूर्य की पूजा करते और अपने अंशरूप देवताओं, ऋषियों तथा पितरों का तर्पण करते। तत्पश्चात आत्म-समृद्ध भगवान अपने गुरुजनों तथा ब्राह्मणों की ध्यानपूर्वक पूजा करते। वे सुवस्त्राभूषित ब्राह्मणों को, पालतू तथा शान्त गौवों का झुण्ड दान में देते, जिनके सींग सोने से मढ़े होते और गले में मोतियों की मालाएँ रहती थीं। ये गौवें सुन्दर वस्त्रों से विभूषित रहतीं और उनके खुरों के अगले हिस्से चाँदी से मढ़े होते। ये प्रचुर दूध देने वाली, एक बार (ब्याँती) होतीं और इनके साथ इनके बछड़े होते। भगवान प्रतिदिन 13084 गौवों के अनेक झुण्ड विद्वान ब्राह्मणों को देते और साथ में मलमल, मृगचर्म तथा तिल भी दान देते।

10 भगवान कृष्ण गौवों, ब्राह्मणों तथा देवताओं, अपने वरेषुजनों तथा गुरुओं और समस्त जीवों को – जो उन परम पुरुष के ही अंशरूप हैं – नमस्कार करते। तब वे शुभ वस्तुओं का स्पर्श करते।

11 वे मानव समाज के आभूषण स्वरूप अपने शरीर को अपने विशेष वस्त्रों, रत्नों, दैवी फूल-मालाओं एवं लेपों से सजाते।

12 तब वे घी, दर्पण, गौवों तथा साँडों, ब्राह्मणों और देवताओं की ओर देखते और आश्वस्त होते कि महल के भीतर तथा नगर में रहनेवाले सभी जातियों के लोग इन उपहारों से संतुष्ट तो हैं। तत्पश्चात अपने मंत्रियों की इच्छाओं को पूरा करके उनका अभिवादन और सत्कार करते।

13 सर्वप्रथम ब्राह्मणों को पुष्प-मालाएँ, पान तथा चन्दन-लेप बाँटकर इन्हीं उपहारों को अपने मित्रों, मंत्रियों तथा पत्नियों को देते और अन्त में स्वयं इनका उपभोग करते।

14 तब तक भगवान का सारथी उनके अत्यन्त अद्भुत रथ को ले आता जिसमें सुग्रीव तथा उनके अन्य घोड़े जुते होते। तत्पश्चात उनका सारथी उन्हें नमस्कार करता और उनके समक्ष आ खड़ा होता।

15 अपने सारथी के हाथों को पकड़ कर भगवान कृष्ण सात्यकि तथा उद्धव के साथ-साथ रथ पर इस तरह चढ़ते मानो सूर्य पूर्व के पर्वत (उदयाचल) पर उदय हो रहा हो।

16 महल की स्त्रियाँ भगवान कृष्ण को लजीली प्रेममयी चितवनों से देखतीं और इस तरह वे मुश्किल से उनसे छूट पाते। तत्पश्चात वे अपने हँसीयुक्त मुख से उनके मन को चुराते हुए चल पड़ते।

17 हे राजन, भगवान समस्त वृष्णियों के साथ-साथ उस सुधर्मा सभाभवन में प्रवेश करते, जो उसमें प्रवेश करनेवालों को भौतिक जीवन की छह तरंगों से रक्षा करता है।

18 जब उस सभाभवन में सर्वशक्तिमान भगवान अपने श्रेष्ठ सिंहासन पर विराजमान होते तो वे अपने अद्वितीय तेज से आकाश की दिशाओं को प्रकाशित करते हुए शोभायमान होते। पुरुषों में सिंह रूप यदुओं से घिरकर वे यदुश्रेष्ठ वैसे ही प्रतीत होते जैसे कि अनेक तारों के बीच चन्द्रमा।

19 हे राजन, वहाँ पर विदूषक विविध हास्य रसों का प्रदर्शन करके भगवान का मनोरंजन करते, दक्ष नर्तक उनके लिए अभिनय करते और नर्तकियाँ ओजपूर्ण नृत्य प्रस्तुत करतीं।

20 ये अभिनयकर्ता मृदंग, वीणा, वंशी, मंजीरा तथा शंख की ध्वनि के साथ नाचते और गाते, जबकि पेशेवर कवि, मागध तथा वन्दीजन भगवान के यश का गायन करते।

21 कुछ ब्राह्मण उस सभाभवन में बैठकर वैदिक मंत्रों का सस्वर पाठ करते और कुछ पूर्वकालीन पवित्र कीर्ति वाले राजाओं की कथाएँ कह कर सुनाते।

22 हे राजन, एक बार एक व्यक्ति उस सभा में आया जो इसके पूर्व वहाँ कभी नहीं देखा गया था। द्वारपालों ने उसके आने की जानकारी भगवान को दी और तब वे उसे भीतर लेकर आये।

23 उस व्यक्ति ने भगवान कृष्ण को नमस्कार किया और हाथ जोड़कर उनको बतलाया कि जरासन्ध द्वारा बन्दी बनाये जाने के कारण किस तरह अनेक राजा कष्ट भोग रहे हैं।

24 जिन बीस हजार राजाओं ने जरासन्ध की दिग्विजय के समय पूर्ण अधीनता स्वीकार नहीं की थी, वे उसके द्वारा बलपूर्वक गिरिव्रज नामक किले में बन्दी बना लिये गये थे।

25 दूत के द्वारा दिये गये वृत्तांत के अनुसार राजाओं ने कहा: हे कृष्ण, हे कृष्ण, हे अप्रमेय आत्मा, हे शरणागतों के भय के विनाशक, हम पृथक-पृथक मत रखने के बावजूद संसार से भयभीत होकर आपके पास शरण लेने आये हैं।

26 इस जगत में लोग सदैव पापकर्मों में लगे रहते हैं और इस तरह वे अपने असली कर्तव्य के विषय में, जो आपके आदेशानुसार आपकी पूजा करना है, विभ्रमित रहते हैं। इस कार्य से सचमुच ही उन्हें सौभाग्य प्राप्त हो सकता है। हम सर्वशक्तिमान भगवान को नमस्कार करते हैं जो कालरूप में प्रकट होते हैं और इस जगत में दीर्घायु की प्रबल आशा को सहसा छिन्न कर देते हैं।

27 आप विश्व के अधिष्ठाता प्रभु हैं और आप इस जगत में सन्तों की रक्षा करने तथा दुष्टों का दमन करने के लिए अपनी निजी शक्ति के साथ अवतरित हुए हैं। हे प्रभु, हम यह समझ नहीं पाते कि कोई आपके नियम का उल्लंघन करने पर भी अपने कर्म के फलों को कैसे भोग सकता है?

28 हे प्रभु, इस शवतुल्य शरीर से, जो कि सदैव भय से ओतप्रोत रहता है, हम राजा लोग सुख के बोझ को स्वप्न की तरह वहन करते हैं। इस तरह हमने असली आत्म-सुख को त्याग दिया है, जो आपकी निस्वार्थ सेवा करने से प्राप्त होता है। इतने अधिक अभागे होने से हम आपकी माया के पाश के अन्तर्गत कष्ट भोग रहे हैं।

29 इसलिए आप हम बन्दियों को कर्म के बन्धनों से, जो कि मगध के राजा के रूप में प्रकट हुए हैं, मुक्त कीजिये, क्योंकि आपके चरण उन लोगों के शोक को हरने वाले हैं, जो उनकी शरण में जाते हैं। दस हजार उन्मत्त हाथियों के पराक्रम को वश में करके अकेले उसने हम सबको अपने घर में उसी तरह बन्दी कर रखा है, जिस तरह कोई सिंह भेड़ों को पकड़ लेता है।

30 हे चक्रधारी, आपकी शक्ति अथाह है और इस तरह आपने जरासन्ध को युद्ध में सत्रह बार कुचला है। किन्तु मानवीय कामकाज में लीन होने से आपने उसे आपको पराजित करने का एक बार अवसर दिया है। अब वह गर्व से इस कदर फुला हुआ है आपकी जनता रूप हम सबको सताने का दुस्साहस कर रहा है। हे अजित, आप इस स्थिति को सुधारें।

31 दूत ने आगे कहा: यह जरासन्ध के द्वारा बन्दी बनाये गये राजाओं का सन्देश है। वे सभी आपके दर्शनों के लिए लालायित हैं, क्योंकि उन्होंने स्वयं को आपके चरणों में समर्पित कर दिया है। कृपा करके इन बेचारों को सौभाग्य प्रदान करें।

32 श्रील शुकदेव गोस्वामी ने कहा: जब राजाओं का दूत इस तरह बोल चुका, तो देवर्षि नारद सहसा प्रकट हुए। सिर पर सुनहरे रंग की जटा धारण किए परम तेजस्वी ऋषि प्रकाशमान सूर्य की तरह लग रहे थे।

33 भगवान कृष्ण जो ब्रह्मा तथा शिव जैसे लोकेश्वरों के भी पूज्य स्वामी हैं फिर भी ज्योंही उन्होंने नारदमुनि को आते देखा, तो वे अपने मंत्रियों तथा सचिवों समेत महर्षि का स्वागत करने तथा सिर झुकाकर उन्हें सादर नमस्कार करने के लिए सहर्ष खड़े हो गये।

34 जब नारद, उन्हें निवेदित किया गया आसन ग्रहण कर चुके, तो भगवान ने शास्त्रीय विधियों से मुनि का स्वागत किया और सम्मानपूर्वक तुष्ट करते हुए उनसे निम्नलिखित सत्यनिष्ठ तथा मधुर शब्द कहे।

35 भगवान कृष्ण ने कहा: यह निश्चित है कि आज तीनों लोकों ने समस्त भय से मुक्ति प्राप्त कर ली है, क्योंकि यह आप जैसे सारे लोकों में स्वच्छन्द विचरण करने वाले महापुरुष का प्रताप है।

36 ईश्वर की सृष्टि के भीतर ऐसी कोई वस्तु नहीं, जो आपको ज्ञात न हो। अतएव कृपा करके हमें बतलायें कि पाण्डव क्या करना चाहते हैं?

37 श्री नारद ने कहा: हे सर्वशक्तिमान, मैं आपकी माया की दुर्लंघ्य शक्ति को, जिससे ब्रह्माण्ड के स्रष्टा ब्रह्मा तक को आप मोहित कर लेते हैं, कई बार देख चुका हूँ। हे भूमन इसमें मुझे तनिक भी आश्चर्य नहीं लगता कि आप जीवों के बीच विचरण करते हुए अपने को अपनी ही शक्तियों से छिपा लेते हैं, जिस तरह अग्नि अपने ही प्रकाश को धुएँ से ढक लेती है।

38 भला आपके उद्देश्य को सही सही कौन समझ सकता है? अपनी भौतिक शक्ति से आप इस सृष्टि का विस्तार करते हैं और फिर इसे अपने में लीन कर लेते हैं, जिससे प्रतीत होता है कि इसका वास्तविक अस्तित्व है। आपको नमस्कार है, जिनकी दिव्य स्थिति अचिन्त्य है।

39 जन्म तथा मृत्यु के चक्र में फँसा जीव यह नहीं जानता कि भौतिक शरीर से, जिससे उसे इतना कष्ट मिलता है, किस प्रकार छुटकारा पाया जाये। किन्तु हे परमेश्वर, आप विविध स्वरूपों में इस जगत में अवतरित होते हैं और अपनी लीलाएँ करके अपने यश की प्रज्ज्वलित मशाल से जीव के मार्ग को आलोकित कर देते हैं। इसलिए मैं आपकी शरण में जाता हूँ।

40 तो भी, मनुष्य का अभिनय कर रहे, हे परम सत्य! मैं आपको बतलाऊँगा कि आपके बुआ के पुत्र युधिष्ठिर महाराज क्या करना चाहते हैं।

41 राजा युधिष्ठिर एकछत्र सत्ता की इच्छा से राजसूय नामक महानतम यज्ञ द्वारा आपकी पूजा करना चाहते हैं। कृपा करके उनके इस प्रयास के लिए आशीर्वाद प्रदान करें।

42 हे प्रभु, आपको देखने के इच्छुक सारे श्रेष्ठ देवता तथा यशस्वी राजा उस श्रेष्ठ यज्ञ में आयेंगे।

43 हे प्रभु, आपके यश का श्रवण तथा कीर्तन करने से तथा ब्रह्मरूप आपका ध्यान करने से जाति से निकाले गये (अन्त्यज) लोग भी शुद्ध हो जाते हैं। तो फिर उनके विषय में क्या कहा जाय जो आपको देखते हैं और आपका स्पर्श करते हैं?

44 हे प्रभु, आप सभी मंगलों के प्रतीक हैं। आपका दिव्य नाम तथा यश ब्रह्माण्ड के उच्चतर, मध्य तथा अधोलोक सहित समस्त लोकों के ऊपर छत्र के समान फैला हुआ है। आपके चरणकमलों को प्रक्षालित करने वाला दिव्य जल उच्चतर लोकों में मन्दाकिनी नदी के नाम से, अधोलोक में भोगवती के नाम से और इस पृथ्वीलोक में गंगा के नाम से विख्यात है। यह पवित्र दिव्य जल सम्पूर्ण ब्रह्माण्ड में प्रवाहित होता है और जहाँ भी जाता है, उसे पवित्र कर देता है।

45 श्रील शुकदेव गोस्वामी ने कहा: जब जरासन्ध को हराने की इच्छा से भगवान के पक्षधर यादवों ने इस प्रस्ताव का विरोध किया, तो भगवान केशव अपने अनुचर उद्धव की ओर मुड़े और हँसते हुए उत्तम शब्दों में उनसे बोले।

46 भगवान ने कहा: निस्सन्देह तुम हमारे उत्तम नेत्र तथा घनिष्ठ मित्र हो, क्योंकि विविध प्रकार की सलाहों के आपेक्षिक मूल्य को पूर्णतः जानते हो। इसलिए तुम हमसे कहो कि इस स्थिति में हमें क्या करना चाहिए। हमें तुम्हारे निर्णय पर विश्वास है और तुम जैसा कहोगे हम वैसा ही करेंगे।

47 श्रील शुकदेव गोस्वामी ने आगे कहा: इस तरह अपने स्वामी द्वारा अनुरोध किये जाने पर, जो कि सर्वज्ञ होते हुए भी मोहित होने का अभिनय कर रहे थे, उद्धव ने उनके इस आदेश को शिरोधार्य किया और इस प्रकार उत्तर दिया।

(समर्पित एवं सेवारत – जगदीश चन्द्र चौहान)

 

E-mail me when people leave their comments –

You need to be a member of ISKCON Desire Tree | IDT to add comments!

Join ISKCON Desire Tree | IDT

Comments

  • 🙏हरे कृष्ण हरे कृष्ण - कृष्ण कृष्ण हरे हरे
    हरे राम हरे राम - राम राम हरे हरे🙏
This reply was deleted.