10892250295?profile=RESIZE_710x

अध्याय उनसठ – नरकासुर का वध (10.59)

1 राजा परीक्षित ने कहा: अनेक स्त्रियों का अपहरण करने वाला भौमासुर किस तरह भगवान द्वारा मारा गया? कृपा करके भगवान शार्ङ्गधन्वा के इस शौर्य का वर्णन कीजिये।

2-3 श्रील शुकदेव गोस्वामी ने कहा: जब भौम ने इन्द्र की माता के कुण्डलों के साथ-साथ वरुण का छत्र तथा मन्दार पर्वत की चोटी पर स्थित देवताओं की क्रीड़ास्थली को चुरा लिया तो इन्द्र कृष्ण के पास गया और उन्हें इन दुष्कृत्यों की सूचना दी। तब भगवान अपनी पत्नी सत्यभामा को साथ लेकर गरुड़ पर सवार होकर प्रागज्योतिषपुर के लिए रवाना हो गये जो चारों ओर से पर्वतों, पुरुषों के बिना चलाये जाने वाले हथियारों, जल, अग्नि, वायु से और मुर पाशतारों (फन्दों) के अवरोधों से घेरा हुआ था।

4 भगवान ने अपनी गदा से चट्टानी किलेबन्दी को, बाणों से हथियारों की नाकेबन्दी को, चक्र से अग्नि, जल तथा वायु की किलेबन्दी को और तलवार से मुर पाश की तारों को नष्ट कर दिया।

5 तब गदाधर ने अपने शंख की ध्वनि से दुर्ग के जादुई तिलिस्मों को और उसी के साथ उसके वीर रक्षकों के हृदयों को ध्वस्त कर दिया। उन्होंने अपनी भारी गदा से किले के मिट्टी से बने परकोटे को ढहा दिया।

6 जब पाँच सिरों वाले असुर मुर ने भगवान कृष्ण के पाञ्चजन्य शंख की ध्वनि सुनी, जो युग के अन्त में बिजली कड़क की भाँति भयावनी थी तो किले की खाई की तली में सोया हुआ असुर जाग गया और बाहर निकल आया।

7 युगान्त के समय की सूर्य की अग्नि सदृश अन्धा बना देने वाले भयंकर तेज से चमकता हुआ, मुर अपने पाँचों मुखों से तीनों लोकों को निगलता – सा प्रतीत हो रहा था। उसने अपना त्रिशूल उठाया और तार्क्ष्यपुत्र गरुड़ पर वैसे ही टूट पड़ा जैसे कि आक्रमण करता हुआ सर्प।

8 मुर ने अपना त्रिशूल घुमाया और अपने पाँचों मुखों से दहाड़ते हुए उसे गरुड़ पर बड़ी उग्रता से फेंक दिया। यह ध्वनि पृथ्वी, आकाश, सभी दिशाओं तथा बाह्य अन्तरिक्ष की सीमाओं में भरकर ब्रह्माण्ड की खोल से टकराकर प्रतिध्वनित होने लगी।

9 तब भगवान हरि ने गरुड़ की ओर फेंके गए त्रिशूल पर दो बाणों से प्रहार किया और उसे तीन भागों में खण्डित कर दिया। इसके बाद भगवान ने असुर के मुखों पर कई बाणों से प्रहार किया। असुर ने क्रुद्ध होकर भगवान पर अपनी गदा फेंकी।

10 युद्धभूमि में मुर द्वारा फेंकी गई गदा को गदाग्रज भगवान कृष्ण ने अपनी गदा से हजारों टुकड़ों में नष्ट कर दिया। मुर अपनी बाहें ऊपर उठाकर अजेय भगवान की ओर दौड़ा। तब भगवान ने अपने चक्र से उसके सिरों को सुगमता से काट गिराया।

11 प्राणविहीन मुर का सिरकटा शरीर पानी में उसी तरह गिर पड़ा जैसे किसी पर्वत की चोटी इन्द्र के वज्र की शक्ति से छिन्न हो गई हो। अपने पिता की मृत्यु से क्रुद्ध होकर असुर के सात पुत्र बदला लेने के लिए उद्यत हो गये।

12 भौमासुर का आदेश पाकर ताम्र, अन्तरिक्ष, श्रवण, विभावसु, वसु, नभस्वान तथा अरुण नामक सातों पुत्र अपने हथियार धारण किये पीठ नामक सेनापति के पीछे पीछे युद्ध क्षेत्र में आ गये।

13 इन भयानक योद्धाओं ने क्रुद्ध होकर बाणों, तलवारों, गदाओं, भालों, ऋष्टियों तथा त्रिशूलों से अजेय भगवान कृष्ण पर आक्रमण कर दिया किन्तु भगवान ने अपने अमोघ शक्ति बाणों से हथियारों के इस पर्वत को छोटे छोटे टुकड़ों में काट डाला।

14 भगवान ने पीठ इत्यादि प्रतिद्वन्द्वियों के सिर, जाँघें, बाँहें, पाँव तथा कवच काट डाले और उन सबको यमराज के लोक भेज दिया। जब पृथ्वी-पुत्र नरकासुर ने अपने सेना-नायकों का यह हाल देखा तो उसका क्रोध आपे में न रह सका। अतः वह क्षीर सागर से उत्पन्न हाथियों के साथ, जो उन्मत्तता के कारण अपने गण्डस्थल से मद चुआ रहे थे, दुर्ग से बाहर आया।

15 गरुड़ पर आसीन भगवान कृष्ण और उनकी पत्नी सूर्य को ढकने वाले बिजली से युक्त बादल जैसे प्रतीत हो रहे थे। भगवान को देखकर भौम ने उन पर अपना शतघ्नी हथियार छोड़ा। तत्पश्चात भौम के सारे सैनिकों ने एकसाथ अपने-अपने हथियारों से आक्रमण कर दिया।

16 भगवान गदाग्रज ने अपने तीक्ष्ण बाण भौमासुर की सेना पर छोड़े। नाना प्रकार के पंखों से युक्त इन बाणों ने उस सेना को शरीरों के ढेर में बदल दिया जिनकी बाँहें, जाँघें तथा गर्दनें कटी थीं। इसी तरह कृष्ण ने विपक्षी घोड़ों तथा हाथियों को मार दिया।

17-19 हे कुरुवीर, तब भगवान हरि ने उन सारे अस्त्रों तथा शस्त्रों को मार गिराया जिन्हें शत्रु-सैनिकों ने उन पर फेंका था और हर एक को तीन तेज बाणों से नष्ट कर डाला। भगवान के वाहक गरुड़ ने अपने पंखों से शत्रु के हाथियों पर प्रहार किया। ये हाथी गरुड़ के पंखों, चोंच तथा पंजों से प्रताड़ित होकर नगर की ओर भाग गए, जिससे कृष्ण का सामना करने के लिए युद्धभूमि में केवल नरकासुर बचा रहा।

20 जब भौम ने देखा कि गरुड़ द्वारा उसकी सेना खदेड़ी तथा सतायी जा रही है, तो उसने गरुड़ पर अपने उस भाले से आक्रमण किया जिससे उसने एक बार इन्द्र के वज्र को परास्त किया था। किन्तु उस शक्तिशाली हथियार से प्रहार किए जाने पर भी गरुड़ तिलमिलाये नहीं। निस्सन्देह वे फूलों की माला से प्रहार किए जाने वाले हाथी के समान थे।

21 अपने सारे प्रयासों में विफल भौम ने भगवान कृष्ण को मारने के लिए अपना त्रिशूल उठाया, किन्तु इसके पूर्व कि वह उसे चलाये, भगवान ने अपने तेज धार वाले चक्र से हाथी पर सवार उस असुर का सिर काट दिया।

22 भूमि पर गिरे हुए भौमासुर का सिर तेजी से चमक रहा था क्योंकि यह कुण्डलों तथा आकर्षक मुकुट से सज्जित था। ज्यों ही "हाय हाय" तथा "बहुत अच्छा हुआ" के क्रंदन उठने लगे, त्योंही ऋषियों तथा प्रमुख देवताओं ने फूल-मालाओं की वर्षा करते हुए भगवान मुकुन्द की पूजा की।

23 तब भूमिदेवी भगवान कृष्ण के पास आई और भगवान को अदिति के कुण्डल जो चमकीले सोने के बने थे और जिसमें चमकीले रत्न जड़े थे, एक वैजयन्ती माला, वरुण का छत्र तथा मन्दर पर्वत की चोटी अर्पित की।

24 हे राजन, उनको प्रणाम करके तथा उनके समक्ष हाथ जोड़े खड़ी वह देवी भक्ति-भाव से पूरित होकर ब्रह्माण्ड के उन स्वामी की स्तुति करने लगी जिनकी पूजा श्रेष्ठ देवतागण करते हैं।

25 भूमिदेवी ने कहा: हे देवदेव, हे शंख, चक्र तथा गदा के धारणकर्ता, आपको नमस्कार है। हे परमात्मा, आप अपने भक्तों की इच्छाओं को पूरा करने के लिए विविध रूप धारण करते हैं। आपको नमस्कार है।

26 हे प्रभु, आपको मेरा सादर नमस्कार है। आपके उदर में कमल के फूल जैसा गड्ढा अंकित है, आप सदैव कमल के फूल की मालाओं से सुसज्जित रहते है, आपकी चितवन कमल जैसी शीतल है और आपके चरणों में कमल अंकित हैं।

27 हे वासुदेव, हे विष्णु, हे आदि-पुरुष, हे आदि-बीज भगवान, आपको सादर नमस्कार है। हे सर्वज्ञ, आपको नमस्कार है।

28 हे अनन्त शक्तियों वाले, इस ब्रह्माण्ड के अजन्मा जनक ब्रह्म, आपको नमस्कार है। हे वर तथा अवर के आत्मा, हे सृजित तत्त्वों के आत्मा, हे सर्वव्यापक परमात्मा, आपको नमस्कार है।

29 हे अजन्मा प्रभु, सृजन की इच्छा करके आप वृद्धि करते हैं और तब रजोगुण धारण करते हैं। इसी तरह जब आप ब्रह्माण्ड का संहार करना चाहते हैं, तो तमोगुण और जब इसका पालन करना चाहते हैं, तो सतोगुण धारण करते हैं। तो भी आप इन गुणों से अनाच्छादित रहते हैं।

30 हे जगतपति! आप काल, प्रधान तथा पुरुष हैं फिर भी आप पृथक एवं भिन्न रहते हैं। यह भ्रम है कि पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु, आकाश, इन्द्रिय-विषय, देवता, मन, इन्द्रियाँ, मिथ्या अहंकार तथा महत तत्त्व आपसे स्वतंत्र होकर विद्यमान हैं। वास्तव में वे सब आपके भीतर हैं क्योंकि हे प्रभु आप अद्वितीय हैं।

31 यह भौमासुर का पुत्र है। यह भयभीत है और आपके चरणकमलों के समीप आ रहा है क्योंकि आप उन सबों के कष्टों को हर लेते हैं, जो आपकी शरण में आते हैं। कृपया इसकी रक्षा कीजिये। आप इसके सिर पर अपना कर-कमल रखें जो समस्त पापों को दूर करने वाला है।

32 श्रील शुकदेव गोस्वामी ने कहा: इस तरह विनीत भक्ति के शब्दों से भूमिदेवी द्वारा प्रार्थना किये जाने पर परमेश्वर ने उसके पोते को अभय प्रदान किया और तब भौमासुर के महल में प्रवेश किया जो सभी प्रकार के ऐश्वर्य से पूर्ण था।

33 वहाँ भगवान ने सोलह हजार से अधिक राजकुमारियाँ देखीं, जिन्हें भौम ने विभिन्न राजाओं से बलपूर्वक छीन लिया था।

34 जब स्त्रियों ने पुरुषों में सर्वोत्तम पुरुष को प्रवेश करते देखा तो वे मोहित हो गई। उन्होंने मन ही मन उन्हें, जो कि वहाँ भाग्यवश लाये गए थे, अपने अभीष्ट पति के रूप में स्वीकार कर लिया।

35 हर राजकुमारी ने इस विचार से कि “विधाता इस पुरुष को मेरा पति बनने का वर दें” अपने हृदय को कृष्ण के विचार में लीन कर दिया।

36 भगवान ने राजकुमारियों को स्वच्छ, निर्मल वस्त्रों से सजवाया और फिर उन्हें रथ, घोड़े तथा अन्य मूल्यवान वस्तुओं के विशाल कोषों समेत पालकियों में द्वारका भिजवा दिया।

37 भगवान कृष्ण ने ऐरावत प्रजाति के कुल के चौंसठ तेज, सफेद एवं चार दाँतों वाले हाथी भी भिजवा दिये।

38-39 भगवान तब इन्द्र के घर गये और माता अदिति को उनके कुण्डल प्रदान किये। वहाँ इन्द्र तथा उसकी पत्नी ने कृष्ण तथा उनकी प्रिय सत्यभामा की पूजा की। फिर सत्यभामा के अनुरोध पर भगवान ने स्वर्गिक पारिजात वृक्ष उखाड़ लिया और उसे गरुड़ की पीठ पर रख दिया। इन्द्र तथा अन्य सारे देवताओं को परास्त करने के बाद कृष्ण उस पारिजात को अपनी राजधानी ले आये।

40 एक बार रोप दिये जाने पर पारिजात वृक्ष ने रानी सत्यभामा के महल में स्थित उद्यान को मनोहर बना दिया। इस वृक्ष की सुगन्ध तथा मधुर रस के लालची भौंरे स्वर्ग से ही इसका पीछा करने लगे थे।

41 भगवान अच्युत को नमस्कार करने, उनके पैरों को अपने मुकुट की नोकों से स्पर्श करने तथा अपनी इच्छा पूरी करने के लिए भगवान से याचना करने के बाद भी, उस महान देवता ने अपना काम सधवाने के बाद भगवान से झगड़ना चाहा। देवताओं में कैसा अज्ञान समाया है। धिक्कार है उनके ऐश्वर्य को।

42 तब उन अव्यय महापुरुष ने पृथक-पृथक रूप धारण करते हुए एक साथ सारी राजकुमारियों से उनके अपने-अपने भवनों में विवाह कर लिया।

43 अचिन्त्य कृत्य करने वाले भगवान निरन्तर अपनी प्रत्येक रानी के महल में रहने लगे जो अन्य किसी आवास की तुलना में अद्वितीय थे। वहाँ पर उन्होंने अपनी मनोहर पत्नियों के साथ रमण किया यद्यपि वे अपने आपमें पूर्ण तुष्ट रहते हैं और सामान्य पति की तरह अपने गृहस्थ कार्य सम्पन्न किये।

44 इस तरह उन स्त्रियों ने लक्ष्मीपति को अपने पति के रूप में प्राप्त किया यद्यपि ब्रह्मा जैसे बड़े से बड़े देवता भी उन तक पहुँचने की विधि नहीं जानते। वे उनके प्रति निरन्तर वृद्धिमान अनुराग का अनुभव करतीं, उनसे हँसीयुक्त चितवन का आदान-प्रदान करतीं और हास-परिहास तथा स्त्रियोन्वित लज्जा से पूर्ण नित नवीन घनिष्ठता का आदान-प्रदान करतीं।

45 यद्यपि भगवान की प्रत्येक रानी के पास सैकड़ों दासियाँ थीं तो भी वे भगवान के पास विनयपूर्वक जाकर, उन्हें आसन प्रदान करके, उत्तम सामग्री से उनकी पूजा करके, उनके पाँवों का प्रक्षालन करके तथा मालिश करके, उन्हें खाने के लिए पान देकर, उन्हें पंखा झलकर, उन्हें सुगन्धित चन्दन-लेप से लेपित करके, फूलों की माला से सजाकर, उनके बाल सँवारकर, उनका बिस्तर ठीक करके, उन्हें नहलाकर तथा उन्हें विविध उपहार देकर स्वयं उनकी सेवा करना पसन्द करतीं।

(समर्पित एवं सेवारत – जगदीश चन्द्र चौहान)

 

E-mail me when people leave their comments –

You need to be a member of ISKCON Desire Tree | IDT to add comments!

Join ISKCON Desire Tree | IDT

Comments

  • 🙏हरे कृष्ण हरे कृष्ण - कृष्ण कृष्ण हरे हरे
    हरे राम हरे राम - राम राम हरे हरे🙏
This reply was deleted.