10891808898?profile=RESIZE_710x

अध्याय पचास – कृष्ण द्वारा द्वारकापुरी की स्थापना (10.50)

1 श्रील शुकदेव गोस्वामी ने कहा: जब कंस मार डाला गया तो हे भरतर्षभ, उसकी दो पटरानियाँ अस्ति तथा प्राप्ति अत्यन्त दुखी होकर अपने पिता के घर चली गई।

2 दुखी रानियों ने अपने पिता मगध के राजा जरासन्ध से सारा हाल कह सुनाया कि वे किस तरह विधवा हुईं।

3 हे राजन, यह अप्रिय समाचार सुनकर जरासन्ध शोक तथा क्रोध से भर गया और पृथ्वी को यादवों से विहीन करने के यथासम्भव प्रयास में जुट गया।

4 उसने तेईस अक्षौहिणी सेना लेकर यदुओं की राजधानी मथुरा के चारों ओर घेरा डाल दिया।

5-6 यद्यपि पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान कृष्ण इस संसार के आदि-कारण हैं किन्तु जब वे इस पृथ्वी पर अवतरित हुए तो उन्होंने मनुष्य की भूमिका निबाही। अतः जब उन्होंने देखा कि जरासन्ध की सेना ने उनकी नगरी को उसी तरह घेर लिया है, जिस तरह महासागर अपने किनारों को तोड़कर बहने लगता है और सेना उनकी प्रजा में भय उत्पन्न कर रही है। भगवान ने विचार किया कि देश, काल तथा उनके वर्तमान अवतार के विशिष्ट प्रयोजन के अनुकूल उनकी उपयुक्त प्रतिक्रिया क्या होनी चाहिए।

7-8 भगवान ने सोचा: चूँकि पृथ्वी पर इतना भार है, अतः मैं जरासन्ध की इस सेना को विनष्ट कर दूँगा जिसमें अक्षौहिणियों पैदल सैनिक, घोड़े, रथ तथा हाथी हैं, जिसे मगध के राजा ने अपने अधीनस्थ राजाओं से बटोरकर यहाँ ला खड़ा किया है। किन्तु मुझे जरासन्ध को नहीं मारना चाहिए क्योंकि भविष्य में वह निश्चितरूप से दूसरी सेना जोड़ लेगा।

9 मेरे इस अवतार का यही प्रयोजन है – पृथ्वी के भार को दूर करना, साधुओं की रक्षा करना और असाधुओं का वध करना।

10 मैं धर्म की रक्षा करने तथा जब-जब समय के साथ अधर्म की प्रधानता होती है, तो उसका अन्त करने के लिए भी अन्य शरीर धारण करता हूँ।

11 श्रील शुकदेव गोस्वामी ने कहा: जब भगवान गोविन्द इस तरह सोच रहे थे तो सूर्य के समान तेज वाले दो रथ आकाश से सहसा नीचे उतरे। वे सारथियों तथा साज-सज्जा से युक्त थे।

12 उसी समय भगवान के दिव्य हथियार भी स्वतः उनके समक्ष प्रकट हो गये। उन्हें देखकर इन्द्रियों के स्वामी श्रीकृष्ण ने भगवान संकर्षण से कहा।

13-14 भगवान ने कहा: हे पूज्य ज्येष्ठ भ्राता, आप अपने आश्रित यदुओं पर आये हुए इस संकट को तो देखिये! और हे प्रभु, यह भी देखिये कि आपका निजी रथ तथा आपकी पसन्द के हथियार आपके समक्ष आ चुके हैं। हे प्रभु! हमने जिस उद्देश्य से जन्म लिया है, वह अपने भक्तों के कल्याण को सुरक्षित करना है। कृपया अब इन तेईस सैन्य-टुकड़ियों के भार को पृथ्वी से हटा दीजिये।

15 भगवान कृष्ण द्वारा अपने भाई को इस तरह आमंत्रित करने के बाद, दोनों दशार्ह कृष्ण तथा बलराम कवच पहन कर और अपने चमचमाते हथियारों को प्रदर्शित करते हुए, रथों पर चढ़कर नगरी के बाहर चले गये। उनके साथ सैनिकों की छोटी-सी टुकड़ी ही थी।

16 जब भगवान कृष्ण दारुक द्वारा हाँके जा रहे अपने रथ पर चढ़कर नगरी से बाहर आ गये तो उन्होंने अपना शंख बजाया। इससे शत्रु-सैनिकों के हृदय भय से काँपने लगे।

17 जरासन्ध ने दोनों की ओर देखा और कहा: अरे पुरुषों में अधम कृष्ण मैं तुझसे अकेले नहीं लड़ना चाहता क्योंकि एक बालक से युद्ध करना लज्जा की बात होगी। अरे अपने को गुप्त रखने वाले और अपने सम्बन्धियों की हत्या करने वाले, तू भाग जा! मैं तुझसे युद्ध नहीं करूँगा।

18 रे बलराम, तू धैर्य सँजो करके मुझसे लड़, यदि तू सोचता है कि तू ऐसा कर सकता है। या तो तू मेरे बाणों के द्वारा खण्ड खण्ड होने से अपना शरीर त्याग और इस तरह स्वर्ग प्राप्त कर या फिर तू मुझे जान से मार।

19 भगवान ने कहा: असली वीर केवल डींग नहीं मारते अपितु अपने कार्य के द्वारा पराक्रम का प्रदर्शन करते हैं। जो चिन्ता से पूर्ण हो और मरना चाहता हो उसके शब्दों को हम गम्भीरता से नहीं ले सकते।

20 श्रील शुकदेव गोस्वामी ने कहा: जिस तरह वायु बादलों से सूर्य को या धूल से अग्नि को ढक लेती है उसी तरह जरा का पुत्र, मधु के दो वंशजों की ओर चल पड़ा और उसने अपनी विशाल सेनाओं से उन्हें तथा उनके सैनिकों, रथों, पताकाओं, घोड़ों तथा सारथियों को घेर लिया।

21 स्त्रियाँ अटारियों, महलों तथा नगर के ऊँचे द्वारों पर खड़ी हुई थीं। जब उन्हें कृष्ण तथा बलराम के रथ नहीं दिखाई पड़े, जिनकी पहचान गरुड तथा ताड़-वृक्ष के प्रतिकों से चिन्हित पताकाओं से होती थी, तो वे शोकाकुल होकर मूर्छित हो गईं।

22 अपने चारों ओर बादलों जैसी विशाल शत्रु सेनाओं के बाणों की भयानक तथा निर्मम वर्षा से अपनी सेना को पीड़ित देखकर भगवान हरि ने अपने उस उत्तम धनुष शार्ङ्ग पर टनकार की जो देवताओं तथा असुरों दोनों के द्वारा पूजित है।

23 भगवान कृष्ण ने अपने तरकस से तीर निकाले उन्हें प्रत्यंचा (धनु की डोरी) पर स्थित किया (चढ़ाया), डोरी खींची और तीक्ष्ण बाणों की झड़ी लगा दी जिसने शत्रु के रथों, हाथियों, घोड़ों तथा पैदल सिपाहियों पर वार किया। भगवान अपने तीरों को अलात-चक्र की तरह छोड़ रहे थे।

24 हाथी धराशायी हो गये, उनके माथे फट गये, कटी गर्दनों वाले सेना के घोड़े गिर गये, रथ घोड़ों, झण्डों, सारथियों तथा स्वामियों समेत टूट-फुटकर गिर गये और कटी हुई भुजाओं, जाँघों तथा कंधों वाले पैदल सिपाहियों ने दम तोड़ दिए।

25-28 युद्धभूमि में मनुष्यों, हाथियों तथा घोड़ों के खण्ड खण्ड हो जाने से रक्त की सैकड़ों नदियाँ बह चलीं। इन नदियों में बाँहें सर्पों के तुल्य, मनुष्यों के सिर कछुवों की तरह, मृत हाथी द्वीपों की तरह तथा मृत घोड़े घड़ियालों की तरह प्रतीत हो रहे थे। उनके हाथ तथा जाँघें मछली की तरह, मनुष्यों के बाल सिवार की तरह, बाण लहरों की तरह तथा विविध हथियार झड़ियों के कुन्ज जैसे लग रहे थे। रक्त की नदियाँ इन सारी वस्तुओं से भरी पड़ी थीं। रथ के पहिये भयावनी भँवरों जैसे और बहुमूल्य मोती तथा आभूषण तेजी से बहती लाल रंग की नदियों में पत्थरों तथा रेत की तरह लग रहे थे, जो कायरों में भय और बुद्धिमानों में हर्ष उत्पन्न करनेवाले थे। अपने हलायुध के प्रहारों से अत्यधिक शक्तिशाली बलराम ने मगधेन्द्र की सैनिक शक्ति विनष्ट कर दी। यद्यपि यह सेना दुर्लंघ्य सागर की भाँति अथाह एवं भयावनी थी किन्तु वसुदेव के दोनों पुत्रों के लिए, जो कि ब्रह्माण्ड के स्वामी हैं, यह युद्ध खिलवाड़ से अधिक नहीं था।

29 जो तीनों लोकों के सृजन, पालन और संहार को एकसाथ सम्पन्न करने वाले हैं तथा जो असीम दिव्य गुणों वाले हैं उनके लिए विरोधी दल का दमन कर देना आश्चर्यजनक नहीं है। फिर भी जब भगवान मानव आचरण का अनुकरण करते हुए ऐसा करते हैं, तो साधुगण उनके कार्यों का गुणगान करते हैं।

30 रथविहीन होने तथा सारे सैनिक मारे जाने से जरासन्ध के पास केवल श्वास शेष थी। उस समय बलराम ने उस बलशाली योद्धा को उसी तरह पकड़ लिया जिस तरह एक सिंह दूसरे सिंह को पकड़ लेता है।

31 अनेक शत्रुओं का वध करनेवाले बलराम, जरासन्ध को वरुण के दैवीपाश से तथा अन्य लौकिक रस्सियों से बाँधने लगे। किन्तु गोविन्द को अभी जरासन्ध के माध्यम से कुछ कार्य करना शेष था अतः उन्होंने बलराम से रुक जाने के लिए कहा।

32-33 जरासन्ध जिसको योद्धा अत्यधिक सम्मान देते थे, जब ब्रह्माण्ड के दोनों स्वामियों ने उसे छोड़ दिया तो वह अत्यन्त लज्जित हुआ और उसने तपस्या करने का निश्चय किया। किन्तु मार्ग में कई राजाओं ने आध्यात्मिक ज्ञान तथा संसारी तर्कों के द्वारा उसे आश्वस्त किया कि उसे आत्मोत्सर्ग का विचार त्याग देना चाहिए। उन्होंने उससे कहा, “यदुओं द्वारा आपको हराया जाना तो आपके गत कर्मों का परिहार्य फल है।"

34 अपनी सारी सेना मारी जाने तथा स्वयं भी भगवान द्वारा उपेक्षित होने से बृहद्रथ पुत्र राजा जरासन्ध उदास मन से अपने राज्य मगध को लौट गया।

35-36 भगवान मुकुन्द ने अपनी अक्षत पूर्णतः सेना के द्वारा अपने शत्रु की सेनाओं के समुद्र को पार कर लिया था। स्वर्ग के निवासियों ने उन पर फूलों की वर्षा करते हुए उन्हें बधाइयाँ दीं। मथुरा के निवासी अपनी ज्वरयुक्त चिन्ता से मुक्त होकर तथा हर्ष से पूरित होकर उनसे मिलने के लिए बाहर निकल आये। सूतों, मागधों तथा वन्दीजनों ने उनकी विजय की प्रशंसा में गीत गाये।

37-38 ज्योंही भगवान ने नगरी में प्रवेश किया, शंख तथा दुन्दुभियाँ बजने लगीं और अनेक ढोल, तुरहियाँ, वीणा, वंशी तथा मृदंग एकसाथ बजने लगे। रास्तों पर जल छिड़का गया था, सर्वत्र पताकाएँ लगी थीं तथा प्रवेशद्वारों को समारोह के लिए सजाया गया था। उसके नागरिक उत्साहित थे और नगरी वैदिक स्तोत्रों के उच्चारण से गूँज रही थी।

39 ज्योंही नगरी की स्त्रियों ने भगवान पर स्नेहयुक्त दृष्टि डाली, उनके नेत्र प्रेमवश खुले के खुले रह गये। उन्होंने भगवान पर फूल मालाएँ, दही, अक्षत तथा नवांकुरों की वर्षा की।

40 तत्पश्चात भगवान कृष्ण ने यदुराज को वह सारी सम्पत्ति लाकर भेंट की जो युद्धभूमि में गिरी थी अर्थात जो मृत योद्धाओं के अनगिनत आभूषणों के रूप में थी।

41 मगध का राजा इसी तरह से सत्रह बार पराजित होता रहा। फिर भी इन पराजयों में वह अपनी कई अक्षौहिणी सेनाओं से यदुवंश की उन सेनाओं के विरुद्ध लड़ता रहा जो श्रीकृष्ण द्वारा संरक्षित थीं।

42 भगवान कृष्ण की शक्ति से, वृष्णिजन जरासन्ध की सारी सेना को नष्ट करते रहे और जब उसके सारे सैनिक मार डाले जाते तो राजा जरासन्ध अपने शत्रुओं द्वारा छोड़ दिये जाने पर पुनः वहाँ से चला जाता।

43 जब अठारहवाँ युद्ध होने ही वाला था, तो कालयवन नामक एक बर्बर यौद्धा, जिसे नारद ने भेजा था, युद्ध-क्षेत्र में प्रकट हुआ।

44 मथुरा आकर इस यवन ने तीन करोड़ बर्बर (म्लेच्छ) सैनिकों समेत इस नगरी में घेरा डाल दिया। उसे कभी अपने से लड़ने योग्य प्रतिद्वन्द्वी व्यक्ति नहीं मिला था किन्तु उसने सुना था कि वृष्णिजन उसकी जोड़ के हैं।

45 जब भगवान कृष्ण तथा भगवान संकर्षण ने कालयवन को देखा तो कृष्ण ने स्थिति पर विचार किया और कहा, “ओह! अब तो यदुओं पर दो ओर से संकट आ पड़ा है।"

46 “हमें यह यवन पहले से घेरे हुए है और शीघ्र ही यदि आज नहीं, तो कल या परसों तक मगध का बलशाली राजा यहाँ आ पहुँचेगा।"

47 “यदि हमारे दोनों के कालयवन से युद्ध करने में संलग्न रहते समय, बलशाली जरासन्ध आता है, तो वह या तो हमारे सम्बन्धियों को मार सकता है या फिर उन्हें पकड़कर अपनी राजधानी ले जा सकता है।"

48 “अतः हम तुरन्त ऐसा किला बनायेंगे जिसमें मानवी सेना प्रवेश न कर पाये। अपने पारिवारिक जनों को उसमें वसा देने के पश्चात हम म्लेच्छराज का वध करेंगे।"

49 इस तरह बलराम से सलाह करने के बाद भगवान ने समुद्र के भीतर बारह योजन परिधि वाला एक किला बनवाया। इस किले के भीतर उन्होंने एक ऐसा नगर बनवाया जिसमें एक से एक बढ़कर अद्भुत वस्तुएँ उपलब्ध थीं।

50-53 उस नगर के निर्माण में विश्वकर्मा के पूर्ण विज्ञान तथा शिल्पकला को देखा जा सकता था। उसमें चौड़े मार्ग, व्यावसायिक सड़कें तथा चौराहे थे, जो विस्तृत भूखण्ड में बनाये गये थे। उसमें भव्य उपवन थे और स्वर्गलोक से लाये गये वृक्षों तथा लताओं से युक्त बगीचे भी थे। उसके गोपुर के मीनारों के ऊपर सोने के बुर्ज थे, जो आकाश को चूम रहे थे। उनकी अटारियाँ स्फटिक मणियों से बनी थीं। सोने से आच्छादित घरों के सामने का भाग सुनहरे घड़ों से सजाया गया था और उनकी छतें रत्नजटित थीं तथा फर्श में बहुमूल्य मरकत मणि जड़े थे। घरों के पास ही कोषागार, भण्डार तथा घोड़ों के आकर्षक अस्तबल थे, जो चाँदी तथा पीतल के बने हुए थे। प्रत्येक आवास में एक चौकसी बुर्जी थी और घरेलू अर्चाविग्रह के लिए मन्दिर था। यह नगर चारों वर्णों के लोगों से पूरित था और यदुओं के स्वामी श्रीकृष्ण के महलों के कारण विशेष रूप से अलंकृत था।

54 इन्द्र ने श्रीकृष्ण के लिए सुधर्मा सभागार ला दिया जिसके भीतर खड़ा मनुष्य मृत्यु के नियमों से प्रभावित नहीं होता। इन्द्र ने पारिजात वृक्ष भी लाकर दिया।

55 वरुण ने मन के समान वेग वाले घोड़े दिये जिनमें से कुछ शुद्ध श्याम रंग के थे और कुछ सफेद थे। देवताओं के कोषाध्यक्ष कुबेर ने अपनी आठों निधियाँ दीं और विभिन्न लोकपालों ने अपने-अपने ऐश्वर्य प्रदान किये।

56 हे राजन, जब भगवान पृथ्वी पर आ गये तो इन देवताओं ने उन सभी सिद्धियों को उन्हें अर्पित कर दिया जो उन्हें अपने विशेष अधिकार के निष्पादन के लिए पहले प्राप्त हुई थीं।

57 जब भगवान कृष्ण ने अपनी योगमाया शक्ति के बल पर सारी प्रजा को नये नगर में पहुँचा दिया तो उन्होंने बलराम से सलाह की, जो मथुरा में उसकी रक्षा करने के लिए रह गये थे। तब गले में कमल के फूलों की माला पहने और बिना हथियार के भगवान कृष्ण मुख्य दरवाजे से होकर मथुरा से बाहर चले गये।

(समर्पित एवं सेवारत – जगदीश चन्द्र चौहान)

 

E-mail me when people leave their comments –

You need to be a member of ISKCON Desire Tree | IDT to add comments!

Join ISKCON Desire Tree | IDT

Comments

  • 🙏हरे कृष्ण हरे कृष्ण - कृष्ण कृष्ण हरे हरे
    हरे राम हरे राम - राम राम हरे हरे🙏
This reply was deleted.