10891758863?profile=RESIZE_400x

अध्याय तैंतालीस  - कृष्ण द्वारा कुवलयापीड हाथी का वध (10.43)

1 श्रील शुकदेव गोस्वामी ने कहा: हे परन्तप, नित्य शौच कर्मों से निवृत्त होकर जब कृष्ण तथा बलराम ने अखाड़े (रंगशाला) में बजने वाली ध्वनि सुनी तो वे वहाँ यह देखने गये कि क्या हो रहा है।

2 जब भगवान कृष्ण अखाड़े के प्रवेशद्वार पर पहुँचे तो उन्होंने देखा कि कुवलयापीड नामक हाथी अपने महावत की उत्प्रेरणा से उनका रास्ता रोक रहा है।

3 भगवान कृष्ण ने अपना फेंटा कसकर तथा अपने घुँघराले बालों को पीछे बाँधकर महावत से बादलों जैसी गम्भीर गर्जना में ये शब्द कहे।

4 कृष्ण ने कहा: महावत ओ महावत, तुरन्त एक ओर हो जा और हमें निकलने दे। यदि तू ऐसा नहीं करता तो आज ही मैं तुम्हारे हाथी समेत तुम्हें यमराज के धाम भेज दूँगा।

5 इस प्रकार धमकाये जाने पर महावत क्रुद्ध हो उठा और उसने अपने काल, मृत्यु तथा यमराज के समान प्रतीत होने वाले उग्र हाथी को अंकुश की मार से क्रुद्ध करके श्रीकृष्ण की ओर बढ़ाया।

6 उस हस्तिराज ने कृष्ण पर आक्रमण कर दिया और अपनी सूँड से तेजी से उन्हें पकड़ लिया। किन्तु कृष्ण सरक गये, उस पर एक घूँसा जमाया और उसके पैरों के बीच जाकर उसकी दृष्टि से ओझल हो गये।

7 भगवान केशव को न देख पाने से क्रुद्ध हुए उस हाथी ने अपनी घ्राण-इन्द्रिय से उन्हें खोज निकाला। कुवलयापीड ने एक बार फिर भगवान को अपनी सूँड के अग्र भाग से पकड़ा किन्तु उन्होंने बलपूर्वक अपने को छुड़ा लिया।

8 तब भगवान कृष्ण ने बलशाली कुवलयापीड को पूँछ से पकड़ा और खेल खेल में वे उसे पच्चीस धनुष-दूरी तक वैसे ही घसीट ले गये जिस तरह गरुड़ किसी साँप को घसीटता है।

9 जब भगवान अच्युत ने हाथी की पूँछ पकड़ी तो वह बाएँ और फिर दाएँ घूमने का प्रयास करने लगा, जिससे भगवान उल्टी दिशा में घूमने लगे जिस तरह कि कोई बालक किसी बछड़े की पूँछ खींचने पर घूमता है।

10 तब कृष्ण उस हाथी के सामने आये और उसे चपत लगाकर भाग गये। कुवलयापीड उनका पीछा करने लगा, वह उन्हें प्रत्येक पग पर बारम्बार छूने का इस तरह का प्रयास करता किन्तु कृष्ण बचकर निकल जाते। उन्होंने उसे झाँसा देकर गिरा दिया।

11 कृष्ण झुठलाते हुए खेल खेल में पृथ्वी पर गिर पड़ते और पुनः तेजी से उठ जाते। क्रुद्ध हाथी ने कृष्ण को गिरा समझकर उन पर अपने दाँत चुभोने चाहे किन्तु उल्टे वे दाँत धरती से जा टकराये।

12 जब हस्तिराज कुवलयापीड का पराक्रम व्यर्थ गया तो वह निराशाजनित क्रोध से जलभुन उठा। किन्तु महावत ने उसे अंकुश मारा और उसने पुनः एक बार कृष्ण पर क्रुद्ध होकर आक्रमण कर दिया।

13 भगवान मधुसूदन ने अपने ऊपर आक्रमण करते हुए हाथी का सामना किया। एक हाथ से उसकी सूँड पकड़कर कृष्ण ने उसे धरती पर पटक दिया।

14 तब भगवान हरि शक्तिशाली सिंह के समान आसानी से हाथी के ऊपर चढ़ गये, उसका एक दाँत उखाड़ लिया और उसी से हाथी तथा उसके महावतों को मार डाला।

15 मरे हुए हाथी को वहीं छोड़कर भगवान कृष्ण हाथी का दाँत लिये अखाड़े में प्रविष्ट हुए। कंधे पर हाथी का दाँत रखे, हाथी के रक्त के छींटे पड़े हुए शरीर और अपने ही पसीने की छोटी छोटी बूँदों से आच्छादित कमलमुख भगवान परम सुशोभित लग रहे थे।

16 हे राजन, भगवान बलदेव तथा भगवान जनार्दन दोनों ही उस हाथी के एक-एक दाँत को अपने चुने हुए हथियार के रूप में लिये हुए अनेक ग्वालबालों के साथ अखाड़े में प्रविष्ट हुए।

17 जब कृष्ण अपने बड़े भाई के साथ अखाड़े में प्रविष्ट हुए तो विभिन्न वर्गों के लोगों ने कृष्ण को भिन्न भिन्न रूपों में देखा। पहलवानों ने कृष्ण को वज्र के समान देखा – मथुरावासियों ने श्रेष्ठ पुरुष के, स्त्रियों ने साक्षात कामदेव के, ग्वालों ने अपने सम्बन्धी के, दुष्ट शासकों ने दण्ड देने वाले के, उनके माता-पिता ने अपने शिशु के, भोजराज ने मृत्यु के, मूर्खों ने भगवान के विराट रूप में, योगियों ने परम ब्रह्म के तथा वृष्णियों ने अपने परम आराध्य देव के रूप में देखा।

18 जब कंस ने देखा कि कुवलयापीड मारा गया है और दोनों भाई अजेय हैं, तो हे राजन, वह चिन्ता से उद्विग्न हो उठा।

19-20 नाना प्रकार के गहनों, मालाओं तथा वस्त्रों से सुसज्जित विशाल भुजाओं वाले वे दोनों भगवान उत्तम वेश धारण किये अभिनेताओं की तरह अखाड़े में शोभायमान हो रहे थे। निस्सन्देह उन्होंने अपने तेज से समस्त देखने वालों के मन को अभिभूत कर लिया। हे राजन, जब नगरवासियों तथा पास पड़ोस के जिलों से आये लोगों ने दीर्घाओं में बैठे अपने अपने स्थानों से दोनों परम पुरुषों को देखा तो प्रसन्नता रूपी शक्ति से उनकी आँखें खुली की खुली रह गई और उनके मुखमण्डल खिल उठे। वे अतृप्त होकर उनके मुखों के दर्शन का पान करते रहे।

21-22 ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो लोग अपनी आँखों से कृष्ण तथा बलराम का पान कर रहे हों, अपनी जीभों से उन्हें चाट रहे हों, अपने नथुनों से उन्हें ही सूँघ रहे हों तथा अपनी बाहों से उनका आलिंगन कर रहे हों। भगवान के सौन्दर्य, चरित्र, माधुर्य तथा बहादुरी का स्मरण करके दर्शकगण देखे तथा सुने गये इन लक्षणों का वर्णन एक दूसरे से करने लगे।

23 लोगों ने कहा -- ये दोनों बालक निश्चय ही भगवान नारायण के अंश हैं, जो इस जगत में वसुदेव के घर में अवतरित हुए हैं।

24 उन्होंने (कृष्ण ने) माता देवकी से जन्म लिया और गोकुल ले जाये गए जहाँ वे इतने समय तक राजा नन्द के घर में छिपकर बढ़ते रहे।

25 इन्होंने पूतना तथा चक्रवात असुर का प्राणान्त कर दिया, यमलार्जुन वृक्षों को गिरा दिया और शंखचूड़, केशी, धेनुक तथा ऐसे ही अन्य असुरों का वध कर दिया।

26-27 इन्होंने गौवों तथा ग्वालों को जंगल की आग से बचाया और कालीय सर्प का दमन किया। इन्होंने अपने एक हाथ में सर्वश्रेष्ठ पर्वत को एक सप्ताह तक धारण किये रखकर इन्द्र देव के मिथ्या गर्व को चूर किया और इस तरह वर्षा, हवा तथा ओलों से गोकुलवासियों की रक्षा की।

28 निरन्तर हँसीली चितवन से प्रसन्न तथा थकान से मुक्त इनके मुखमण्डल को निहार-निहार कर गोपियों ने समस्त प्रकार के कष्टों को पार कर लिया और परम सुख का अनुभव किया।

29 कहा जाता है कि इनके संरक्षण में यदुकुल अत्यधिक विख्यात होगा और सम्पदा, यश तथा शक्ति अर्जित करेगा।

30 ये कमलनेत्रों वाले उनके ज्येष्ठ भाई भगवान बलराम समस्त दिव्य ऐश्वर्यों के स्वामी हैं। इन्होंने प्रलम्ब, वत्सक, बक तथा अन्य असुरों का वध किया है।

31 जिस समय लोग इस तरह बातें कर रहे थे और तुरहियाँ गूँजने लगीं थी तो पहलवान चाणुर ने कृष्ण तथा बलराम से ये शब्द कहे।

32 चाणुर ने कहा: हे नन्दपुत्र, हे राम, तुम दोनों ही साहसी पुरुषों द्वारा समादरित हो और दोनों ही कुश्ती लड़ने में दक्ष हो। तुम्हारे पराक्रम को सुनकर राजा ने स्वतः देखने के उद्देश्य से तुम दोनों को यहाँ बुलाया है।

33 जो प्रजा राजा को अपने विचारों, कर्मों तथा शब्दों से प्रसन्न रखने का प्रयास करती है उसे अवश्य ही सौभाग्य प्राप्त होता है किन्तु जो लोग ऐसा नहीं कर पाते उन्हें विपरीत भाग्य का सामना करना पड़ता है।

34 यह सर्वविदित है कि ग्वालों के बालक अपने बछड़ों को चराते हुए सदैव प्रमुदित रहते हैं और विविध जंगलों में अपने पशुओं को चराते हुए खेल खेल में कुश्ती लड़ते रहते हैं।

35 अतः जो राजा चाहता है हम वही करें। इससे हमारे साथ सारे लोग प्रसन्न होंगे, क्योंकि राजा प्रजा का समन्वित रूप होता है।

36 यह सुनकर भगवान कृष्ण ने, जो कि कुश्ती लड़ना चाहते थे और इस चुनौती का स्वागत कर रहे थे, समय तथा स्थान के अनुसार यह बात कही।

37 भगवान कृष्ण ने कहा: यद्यपि हम वनवासी हैं किन्तु हम भी भोजराज की प्रजा हैं। हमें उनकी इच्छा पूरी करनी चाहिए, क्योंकि ऐसे व्यवहार से हमें अत्यधिक लाभ होगा।

38 हम तो निरे बालक ठहरें और हमें समान बल वालों के साथ खेलना चाहिए। इस कुश्ती प्रतियोगिता को उचित ढंग से चलना चाहिए जिससे सम्माननीय वर्ग को किसी प्रकार से अधर्म का कलंक न लगे।

39 चाणुर ने कहा: बलशालियों में सर्वश्रेष्ठ बलराम, तुम न तो बालक हो, न ही किशोर हो। तुमने खेल-खेल में एक हाथी को मारा है, जिसमें एक हजार अन्य हाथियों का बल था।

40 अतः तुम दोनों को बलशाली पहलवानों से लड़ना चाहिए। इसमें निश्चय ही कुछ भी अनीति नहीं है। हे वृष्णिवंशी, तुम अपना पराक्रम मुझ पर आजमा सकते हो और बलराम मुष्टिक के साथ लड़ सकता है।  

(समर्पित एवं सेवारत - जगदीश चन्द्र चौहान)

E-mail me when people leave their comments –

You need to be a member of ISKCON Desire Tree | IDT to add comments!

Join ISKCON Desire Tree | IDT

Comments

  • 🙏हरे कृष्ण हरे कृष्ण - कृष्ण कृष्ण हरे हरे
    हरे राम हरे राम - राम राम हरे हरे🙏
This reply was deleted.