10890929272?profile=RESIZE_710x

अध्याय अट्ठाईस - कृष्ण द्वारा वरुणलोक से नन्द महाराज की रक्षा (10.28)

1 श्रीबादरायणि ने कहा: भगवान जनार्दन की पूजा करके तथा एकादशी के दिन व्रत रखकर नन्द महाराज ने द्वादशी के दिन स्नान करने के लिए कालिन्दी के जल में प्रवेश किया।

2 चूँकि नन्द महाराज ने इस बात की अवहेलना करके कि यह अशुभ समय था रात्रि के अंधकार में जल में प्रवेश किया था अतः वरुण का आसुरी सेवक उन्हें पकड़कर अपने स्वामी के पास ले आया।

3 हे राजन, नन्द महाराज को न देखकर ग्वाले जोर से चिल्ला उठे, “हे कृष्ण, हे राम,” भगवान कृष्ण ने उनकी चीखें सुनी और समझ लिया कि मेरे पिता वरुण द्वारा बन्दी बना लिये गये हैं। अतः अपने भक्तों को निडर बनाने वाले सर्वशक्तिमान भगवान वरुण देव के दरबार में जा पहुँचे।

4 यह देखकर कि भगवान ऋषिकेश पधारे हैं, वरुणदेव ने धूमधाम से उनकी पूजा की। वह भगवान को देखकर अत्यन्त प्रमुदित था और वह इस प्रकार बोला।

5 श्री वरुण ने कहा: आज मेरे शरीर ने अपना कार्य पूरा कर लिया। हे प्रभु, निस्सन्देह अब मुझे अपना जीवन-लक्ष्य प्राप्त हो चुका। हे भगवन, जो लोग आपके चरणकमलों को स्वीकार करते हैं, वे भौतिक संसार के मार्ग को पार कर सकते हैं।

6 हे पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान, परम सत्य परमात्मा, मैं आपको नमस्कार करता हूँ; आपके भीतर इस सृष्टि को अपने अनुरूप बनाने वाली माया-शक्ति का लेशमात्र भी नहीं है।

7 यहाँ पर बैठे हुए आपके पिता मेरे एक मूर्ख अज्ञानी नौकर द्वारा मेरे पास लाये गये हैं, जो अपने कर्तव्य को नहीं समझता था। कृपा करके हमें क्षमा कर दें।

8 हे कृष्ण, हे सर्वदृष्टा, आप मुझे भी अपनी कृपा प्रदान करें। हे गोविन्द, आप अपने पिता के प्रति अत्यधिक स्नेहवान हैं। आप उन्हें घर ले जाँय।

9 श्रील शुकदेव गोस्वामी ने कहा: इस तरह वरुणदेव से प्रसन्न होकर ईश्वरों के ईश्वर पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान कृष्ण अपने पिता को लेकर घर लौट आये जहाँ उनके सम्बन्धी उन्हें देखकर अत्यधिक हर्षित थे।

10 नन्द महाराज समुद्र लोक के शासक वरुण के महान ऐश्वर्य को पहली बार देखकर तथा यह देखकर कि वरुण तथा उसके सेवकों ने किस तरह कृष्ण का आदर किया था, आश्चर्यचकित थे। नन्द ने इसका वर्णन अपने साथी ग्वालों से किया।

11 वरुण के साथ कृष्ण की लीला को सुनकर ग्वालों ने विचार किया कि कृष्ण अवश्य ही भगवान हैं। हे राजन, उनके मन उत्सुकता से भर गये। उन्होंने सोचा, “क्या भगवान हम सबों को भी अपना दिव्य धाम प्रदान करेंगे?“

12 सर्वदर्शी होने के कारण भगवान कृष्ण स्वतः समझ गये कि ग्वाले क्या अभिलाषा कर रहे हैं। उनकी इच्छाओं को पूरा करके उनपर कृपा प्रदर्शित करने के लिए भगवान ने इस प्रकार सोचा।

13 भगवान कृष्ण ने सोचा निश्चय ही इस जगत में लोग ऊँचे तथा नीचे गन्तव्यों के बीच भटक रहे हैं, जिन्हें वे अपनी इच्छाओं के अनुसार तथा पूरी जानकारी के बिना किये गये कर्मों के माध्यम से प्राप्त करते हैं। इस तरह लोग अपने असली गन्तव्य को नहीं जान पाते।

14 इस प्रकार परिस्थिति पर गम्भीरतापूर्वक विचार करते हुए परम दयालु भगवान हरि ने ग्वालों को अपना धाम दिखलाया जो भौतिक अंधकार से परे है।

15 भगवान कृष्ण ने अनश्वर आध्यात्मिक तेज प्रकट किया जो असीम, चेतन तथा नित्य है। मुनिजन उस आध्यात्मिक जीव को उस समाधि में देखते हैं जब उनकी चेतना भौतिक प्रकृति के गुणों से मुक्त रहती है।

16 भगवान कृष्ण सारे ग्वालों को ब्रह्मह्रद ले आये, उनसे जल के भीतर डुबकी लगवाई और फिर ऊपर निकाल लिया। जिस महत्त्वपूर्ण स्थान से अक्रूर ने वैकुण्ठ को देखा था, वहीं इन ग्वालों ने भी परम सत्य के लोक को देखा।

17 जब नन्द महाराज तथा अन्य ग्वालों ने वह दिव्य धाम देखा तो उन्हें परम सुख की अनुभूति हुई। वे स्वयं कृष्ण को साक्षात वेदों से घिरे एवं उनके द्वारा स्तुति किये जाते देखकर विशेष रूप से चकित थे।

(समर्पित एवं सेवारत – जगदीश चन्द्र चौहान)

 

E-mail me when people leave their comments –

You need to be a member of ISKCON Desire Tree | IDT to add comments!

Join ISKCON Desire Tree | IDT

Comments

  • 🙏हरे कृष्ण हरे कृष्ण - कृष्ण कृष्ण हरे हरे
    हरे राम हरे राम - राम राम हरे हरे🙏
This reply was deleted.