श्रील शुकदेव गोस्वामी द्वारा स्तुति (2.4)
12 श्रील शुकदेव गोस्वामी ने कहा: मैं उन पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान को सादर नमस्कार करता हूँ, जो भौतिक जगत की सृष्टि के लिए प्रकृति के तीन गुणों को स्वीकार करते हैं। वे प्रत्येक के शरीर के भीतर निवास करनेवाले परम पूर्ण हैं और उनकी गतियाँ अचिन्त्य हैं।
13 मैं पुनः सम्पूर्ण जगत-रूप, अध्यात्म-रूप उन भगवान को सादर नमस्कार करता हूँ, जो पुण्यात्मा भक्तों को समस्त संकटों से मुक्ति दिलानेवाले तथा अभक्त असुरों की नास्तिक मनोवृत्ति की वृद्धि को विनष्ट करनेवाले हैं। जो अध्यात्मवादी सर्वोपरि आध्यात्मिक पूर्णता में स्थित हैं, उन्हें वे उनके विशिष्ट पद प्रदान करने वाले हैं।
14 मैं उन्हें सादर नमस्कार करता हूँ, जो यदुवंशियों के संगी हैं और अभक्तों के लिए सदैव समस्या बने रहते हैं। वे भौतिक तथा आध्यात्मिक दोनों जगतों के परम भोक्ता हैं, फिर भी वे वैकुण्ठ में स्थित अपने धाम का भोग करते हैं। कोई भी उनके समतुल्य नहीं है, क्योंकि उनका दिव्य ऐश्वर्य अमाप्य है।
15 मैं उन सर्वमंगलमय भगवान श्रीकृष्ण को सादर नमस्कार करता हूँ जिनके यशोगान, स्मरण, दर्शन, वन्दन, श्रवण तथा पूजन से पाप करनेवाले के सारे पाप-फल तुरन्त धूल जाते हैं।
16-17 मैं सर्व-मंगलमय भगवान श्रीकृष्ण को बारम्बार प्रणाम करता हूँ। उनके चरणकमलों की शरण ग्रहण करने मात्र से उच्च कोटि के बुद्धिमान-जन, वर्तमान तथा भावी अस्तित्व की सारी आसक्तियों से छुटकारा पा जाते हैं और बिना किसी कठिनाई के आध्यात्मिक जगत की ओर अग्रसर होते हैं। मैं सर्व-मंगलमय भगवान श्रीकृष्ण को पुनः पुनः सादर नमस्कार करता हूँ, क्योंकि बड़े-बड़े विद्वान ऋषि, बड़े-बड़े दानी, यश--लब्ध कार्यकर्ता, बड़े-बड़े दार्शनिक तथा योगी, बड़े-बड़े वेदपाठी तथा वैदिक सिद्धान्तों के बड़े-बड़े अनुयायी तक भी ऐसे महान गुणों को भगवान की सेवा में समर्पित किये बिना कोई क्षेम (कुशलता) प्राप्त नहीं कर पाते।
18-19 किरात, हूण, आन्ध्र, पुलिन्द, पुल्कश, आभीर, शुम्भ, यवन, खस आदि जातियों के सदस्य तथा पाप कर्मों में लिप्त रहने वाले अन्य लोग परम शक्तिशाली भगवान के भक्तों की शरण ग्रहण करके शुद्ध हो सकते हैं। मैं उन भगवान को सादर नमस्कार करता हूँ। वे परमात्मा हैं तथा समस्त स्वरूपसिद्ध पुरुषों के परमेश्वर हैं। वे साक्षात वेद, धर्मग्रन्थ (शास्त्र) तथा तपस्या हैं। वे ब्रह्माजी, शिवजी तथा कपट से रहित समस्त व्यक्तियों द्वारा पूजित हैं। आश्चर्य तथा सम्मान से ऐसे पूजित होनेवाले पूर्ण पुरुषोत्तम मुझ पर प्रसन्न हों।
20-21 भगवान श्रीकृष्ण, जो समस्त भक्तों के पूजनीय स्वामी हैं, यदुवंश के अंधक तथा वृष्णि जैसे समस्त राजाओं के रक्षक तथा उनके यश हैं, सभी लक्ष्मी देवीयों के पति, समस्त यज्ञों के निर्देशक अतएव समस्त जीवों के अग्रणी, समस्त बुद्धि के नियन्ता, समस्त दिव्य एवं भौतिक लोकों के अधिष्ठाता तथा पृथ्वी पर परम अवतार (सर्वेसर्वा) हैं, वे मुझ पर कृपालु हों। भगवान श्रीकृष्ण ही मुक्तिदाता हैं। भक्त प्रतिपल उनके चरणकमलों के चिन्तन करते हुए तथा महापुरुषों के चरणचिन्हों पर चलते हुए समाधि में परम सत्य का दर्शन कर सकता है। तथापि विद्वान ज्ञानीजन उनके विषय में अपनी सनक के अनुसार चिन्तन करते हैं। ऐसे भगवान मुझ पर प्रसन्न हों।
22 जिन्होंने सृजन के प्रारम्भ में ब्रह्मा के हृदय में शक्तिशाली ज्ञान का विस्तार किया तथा अपने विषय में पूर्ण ज्ञान की प्रेरणा दी और जो ब्रह्मा के मुख से प्रकट हुए प्रतीत हुए, वे भगवान मुझ पर प्रसन्न हों।
23 ब्रह्माण्ड के भीतर लेटकर जो तत्त्वों से निर्मित शरीरों को प्राणमय बनाते हैं और जो अपने पुरुष-अवतार में जीव को भौतिक गुणों के सोलह विभागों के अधीन करते हैं, जो जीव के जनक रूप हैं, वे पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान मेरे प्रवचनों को अलंकृत करने के लिए प्रसन्न हों।
24 मैं वासुदेव के अवतार श्रील व्यासदेव को सादर नमस्कार करता हूँ जिन्होंने वैदिक शास्त्रों का संकलन किया। शुद्ध भक्तगण भगवान के कमल सदृश मुख से टपकते हुए अमृतोपम दिव्य ज्ञान का पान करते हैं।
(समर्पित एवं सेवारत - जगदीश चन्द्र चौहान)
Comments
हरे राम हरे राम - राम राम हरे हरे 🙏