10892202852?profile=RESIZE_584x

अध्याय चौवन – कृष्ण रुक्मिणी विवाह (10.54)

1 श्रील शुकदेव गोस्वामी ने कहा: सारे क्रुद्ध राजाओं ने अपने कवच पहने और धनुष धारण कर सेना सहित भगवान कृष्ण का पीछा करने लगे।

2 जब यादव सेना के सेनापतियों ने देखा कि शत्रुगण उन पर आक्रमण करने के लिये आ रहे हैं, तो हे राजन, वे सब उनका सामना करने के लिए मुड़े और दृढ़तापूर्वक अड़ गये।

3 घोड़ों, हाथियों तथा रथों पर सवार शत्रु राजाओं ने यदुओं पर बाणों की ऐसी वर्षा की जैसी कि बादल पर्वतों पर वर्षा करते हैं।

4 रुक्मिणी ने अपने स्वामी की सेना को बाणों की धुँआधार वर्षा से आच्छादित देखकर भयभीत आँखों से लजाते हुए कृष्ण के मुख की ओर निहारा।

5 भगवान ने हँसते हुए उसे विश्वास दिलाया, “हे रुक्मिणी डरो मत! यह शत्रु सेना तुम्हारे सैनिकों द्वारा विनष्ट होने ही वाली है।"

6 भगवान की सेना में गद, संकर्षण इत्यादि वीर लोहे के बाणों से शत्रुओं के घोड़ों, हाथियों तथा रथों पर प्रहार करने लगे।

7-9 कुण्डल, मुकुट एवं पगड़ी से युक्त सैनिकों के सिर करोड़ों की संख्या में गिरने लगे। चारों ओर मृत सैनिकों के छिन्न-भिन्न अंग तथा घोड़ों, गधों, हाथियों, ऊँटों, जंगली गधों के सिर भी पड़े हुए थे। विजय के लिए उत्सुक वृष्णियों द्वारा अपनी सेनाओं को मारे जाते देखकर जरासन्ध इत्यादि राजा हतोत्साहित हुए और युद्धभूमि छोड़कर भाग गये।

10 सारे राजा शिशुपाल के पास गये जो उस व्यक्ति के समान उद्विग्न था जिसकी पत्नी छिन चुकी हो। उसके शरीर का रंग उतर गया, उसका उत्साह जाता रहा और उसका मुख सूखा हुआ प्रतीत होने लगा। राजाओं ने उससे इस प्रकार कहा।

11 जरासन्ध ने कहा-- हे पुरुषों में व्याघ्र शिशुपाल, सुनो। तुम अपनी उदासी छोड़ दो। हे राजन, सारे देहधारियों का सुख तथा दुख कभी भी स्थायी नहीं देखे गये हैं।

12 जिस तरह स्त्री के वेश में एक कठपुतली अपने नचाने वाले की इच्छानुसार नाचती है उसी तरह भगवान द्वारा नियंत्रित यह जगत सुख तथा दुख दोनों से भिड़ता रहता है।

13 मैं कृष्ण के साथ युद्ध में अपनी तेईस सेनाओं सहित सत्रह बार हारा - केवल एक बार उन्हें पराजित कर सका।

14 तो भी मैं न तो कभी शोक करता हूँ, न हर्षित होता हूँ, क्योंकि मैं जानता हूँ कि यह संसार काल तथा भाग्य द्वारा संचालित है।

15 अब हम सभी, सेनानायकों के बड़े बड़े सेनापति, यदुओं तथा उनकी छोटी सेना के द्वारा हराये जा चुके हैं क्योंकि वे सभी कृष्ण द्वारा संरक्षित हैं।

16 अभी हमारे शत्रुओं ने हमें जीत लिया है क्योंकि समय ने उनका साथ दिया, किन्तु भविष्य में जब समय हमारे लिए शुभ होगा तो हम जीतेंगे।

17 श्रील शुकदेव गोस्वामी ने कहा: इस तरह अपने मित्रों द्वारा समझाने-बुझाने पर शिशुपाल अपने अनुयायियों सहित अपनी राजधानी लौट गया। जो योद्धा बच रहे थे वे भी अपने नगरों को लौट गये।

18 किन्तु बलवान रुक्मी कृष्ण से विशेष रूप से द्वेष रखता था। उससे यह बात सहन नहीं हो सकी कि कृष्ण बलपूर्वक उसकी बहिन को ले जाकर उससे राक्षस-विधि से विवाह कर ले। अतः उसने सेना की एक पूरी टुकड़ी लेकर भगवान का पीछा किया।

19-20 उद्विग्न एवं क्रुद्ध महाबाहु रुक्मी ने कवच पहने तथा धनुष धारण किये सभी राजाओं के समक्ष यह शपथ ली थी, यदि मैं युद्ध में कृष्ण को मारकर रुक्मिणी को अपने साथ वापस नहीं ले आता तो मैं फिर कुण्डिन नगर में प्रवेश नहीं करूँगा। यह मैं आप लोगों के समक्ष शपथ लेता हूँ।

21 यह कहकर वह अपने रथ पर चढ़ गया और अपने सारथी से कहा, “तुम घोड़ों को जल्दी से हाँक कर वहीं ले चलो जहाँ कृष्ण है, उससे मुझे युद्ध करना है।“

22 इस दुष्टबुद्धि ग्वालबाल ने अपने बल के घमण्ड में चूर होकर मेरी बहन का बलपूर्वक अपहरण किया है। किन्तु आज मैं उसके घमण्ड को अपने तीखे बाणों से चूर कर दूँगा।

23 इस प्रकार डींग हाँकता, भगवान के पराक्रम के असली विस्तार से अपरिचित मूर्ख रुक्मी, अपने एकाकी रथ में भगवान गोविन्द के पास पहुँचा और उन्हें ललकारा, “जरा ठहरो और लड़ो।"

24 रुक्मी ने भारी जोर लगाकर अपना धनुष खींचा और कृष्ण पर तीन बाण चलाये। तब उसने कहा, “रे यदुवंश को दूषित करने वाले! जरा एक क्षण ठहर तो!”

25 तुम यज्ञ के घृत चुराने वाले कौवे की भाँति मेरी बहन को जहाँ-जहाँ ले जाओगे वहाँ-वहाँ मैं तुम्हारा पीछा करूँगा। अरे धोखेबाज, अरे युद्ध में ठगने वाले! मैं आज ही तुम्हारे मिथ्या गर्व को चूर-चूर कर दूँगा।

26 इसके पूर्व की तुम मेरे बाणों के प्रहार से मरो और लोटपोट हो जाओ तुम इस लड़की को छोड़ दो। इसके उत्तर में भगवान कृष्ण मुसकरा दिये और अपने छह बाणों से रुक्मी पर प्रहार करके उसके धनुष को तोड़ डाला।

27 भगवान ने रुक्मी के चारों घोड़ों को आठ बाणों से, उसके सारथी को दो बाणों से तथा रथ की ध्वजा को तीन बाणों से नष्ट-भ्रष्ट कर दिया। रुक्मी ने दूसरा धनुष उठाया और कृष्ण पर पाँच बाणों से प्रहार किया।

28 यद्यपि भगवान अच्युत पर इन अनेक बाणों से प्रहार हुआ किन्तु उन्होंने पुनः रुक्मी के धनुष को तोड़ दिया। रुक्मी ने दूसरा धनुष उठाया किन्तु अविनाशी भगवान ने उसे भी खण्ड-खण्ड कर डाला।

29 रुक्मी ने जो भी हथियार-परिघ, पट्टिश, त्रिशूल, ढाल तथा तलवार, शक्ति और तोमर-उठाया, उन्हें भगवान हरि ने छिन्न-भिन्न कर डाला।

30 तब रुक्मी अपने रथ से नीचे कूद पड़ा और अपने हाथ में तलवार लेकर कृष्ण को मारने के लिए उनकी ओर अत्यन्त क्रुद्ध होकर दौड़ा जिस तरह कोई पक्षी वायु में उड़े।

31 ज्योंही रुक्मी ने उन पर आक्रमण किया, भगवान ने तीर चलाये जिससे रुक्मी की तलवार तथा ढाल के खण्ड खण्ड हो गये। तब कृष्ण ने अपनी तेज तलवार धारण की और रुक्मी को मारने की तैयारी की।

32 अपने भाई को मार डालने के लिए उद्यत भगवान कृष्ण को देखकर साध्वी सदृश रुक्मिणी अत्यन्त भयभीत हो उठीं। वे अपने पति के पैरों पर गिर पड़ीं और बड़े ही करुण-स्वर में बोलीं।

33 श्री रुक्मिणी ने कहा: ये योग्श्वर, हे अप्रमेय, हे देवताओं के देव, हे ब्रह्माण्ड के स्वामी! हे मंगलमय एवं बाहुबली! कृपया मेरे भाई का वध न करें।

34 श्रील शुकदेव गोस्वामी ने कहा:रुक्मिणी के अत्यधिक भयभीत होने से उसके अंग-अंग काँपने लगे, मुँह सूखने लगा तथा त्रास के मारे उसका गला रुँध गया। उद्वेलित होने से उसका सोने का हार (माला) बिखर गया। उसने कृष्ण के पैर पकड़ लिये। तब भगवान ने दया दिखलाकर उसे छोड़ दिया।

35 भगवान कृष्ण ने उस दुकृत्य करने वाले को कपड़े की पट्टी (दुपट्टे) से बाँध दिया। इसके बाद उन्होंने उसकी कुछ-कुछ मूँछें तथा बाल छोड़कर शेष सारे बाल हास्यजनक रूप से मुँड़कर उसको विरूप बना दिया। तब तक यदुवीरों ने अपने विपक्षियों की अद्भुत सेना को कुचल दिया था जिस तरह हाथी कमल के फूल को कुचल देता है।

36 जब यदुगण भगवान कृष्ण के पास पहुँचे तो उन्होंने रुक्मी को इस शोचनीय अवस्था में प्रायः शर्म से मरते देखा। जब सर्वशक्तिमान बलराम ने रुक्मी को देखा तो दयावश उन्होंने उसे छुड़ा दिया और वे भगवान कृष्ण से इस तरह बोले।

37 बलराम ने कहा: हे कृष्ण, तुमने अनुचित कार्य किया है। इस कार्य से हमको लज्जित होना पड़ेगा, क्योंकि किसी निकट सम्बन्धी के मूँछ तथा बाल मुँड़कर उसे विरूपित करना उसका वध करने के ही समान है।

38 हे साध्वी, तुम अपने भाई के विरूप होने की चिन्ता से हम पर रुष्ट न होओ। किसी के सुख तथा दुख का उत्तरदायी उसके अपने सिवा कोई दूसरा नहीं होता है, क्योंकि मनुष्य अपने ही कर्मों का फल पाता है।

39 अब कृष्ण को सम्बोधित करते हुए बलराम ने कहा: यदि सम्बन्धी के दोष मृत्यु दण्ड देने योग्य हों तब भी उसका वध नहीं किया जाना चाहिए। प्रत्युत उसे परिवार से निकाल देना चाहिए। चूँकि वह अपने पाप से पहले ही मारा जा चुका है, तो उसे फिर से क्यों मारा जाये?

40 रुक्मिणी की ओर मुड़कर बलराम ने कहा: ब्रह्मा द्वारा स्थापित योद्धाओं के लिए पवित्र कर्तव्य की संहिता का आदेश है कि उसे अपने सगे भाई तक का वध करना पड़ सकता है। निस्सन्देह यह सबसे अथावह नियम है।

41 पुनः बलराम ने कृष्ण से कहा: अपने ऐश्वर्य के मद से अन्धे हुए दम्भी लोग राज्य, भूमि, सम्पत्ति, स्त्री, सम्मान तथा अधिकार जैसी वस्तुओं के लिए अन्यों का तिरस्कार कर सकते हैं।

42 बलराम ने रुक्मिणी से कहा: तुम्हारी मनोवृत्ति सही नहीं है क्योंकि तुम अज्ञानी व्यक्ति की भाँति उनका मंगल चाहती हो जो सारे जीवों के प्रति शत्रुतापूर्ण हैं और जिन्होंने तुम्हारे असली शुभचिन्तकों के साथ दुष्कृत्य किया है।

43 भगवान की माया लोगों को उनके असली स्वरूपों को भुलवा देती है और इस तरह शरीर को आत्मा मानकर वे अन्यों को मित्र, शत्रु या तटस्थ मानते हैं।

44 जो लोग मोहग्रस्त हैं, वे समस्त जीवधारियों के भीतर निवास करने वाले एक परमात्मा को अनेक करके मानते हैं जिस तरह से कोई आकाश में प्रकाश को, या आकाश को ही, अनेक रूपों में अनुभव करता हो।

45 यह भौतिक शरीर, जिसका आदि तथा अन्त है, भौतिक तत्त्वों, इन्द्रियों तथा प्रकृति के गुणों से बना हुआ होता है। यह शरीर भौतिक अज्ञान द्वारा आत्मा पर लादे जाने से मनुष्य को जन्म तथा मृत्यु के चक्र का अनुभव कराता है।

46 हे बुद्धिमान देवी, आत्मा न तो कभी असत भौतिक पदार्थों के सम्पर्क में आता है न उससे वियुक्त होता है क्योंकि आत्मा ही उनका उद्गम एवं प्रकाशक है। इस तरह आत्मा सूर्य के समान है, जो न तो कभी दृश्य-इन्द्रिय (नेत्र) तथा दृश्य-रूप के सम्पर्क में आता है, न ही उससे विलग होता है।

47 जन्म तथा अन्य विकार शरीर में ही होते हैं, आत्मा में नहीं। जिस प्रकार चन्द्रमा की कलाएँ बदलती हैं, चन्द्रमा नहीं यद्यपि नव-चान्द्र दिवस को चन्द्रमा की "मृत्यु" कहा जा सकता है।

48 जिस प्रकार सोया हुआ व्यक्ति स्वप्न के भ्रम के अन्तर्गत, इन्द्रिय भोग के विषयों का तथा अपने कर्मफलों का अनुभव करता है, उसी तरह अज्ञानी व्यक्ति इस संसार को प्राप्त होता है।

49 अतः दिव्य ज्ञान से उस शोक को दूर करो जो तुम्हारे मन को दुर्बल तथा भ्रमित कर रहा है। हे आदि हँसी वाली राजकुमारी, तुम अपने सहज भाव को फिर से प्राप्त करो।

50 श्रील शुकदेव गोस्वामी ने कहा: इस प्रकार बलराम द्वारा समझाये जाने पर रुक्मिणी अपनी उदासी भूल गईं और आध्यात्मिक बुद्धि से उन्होंने अपना मन स्थिर किया।

51 अपने शत्रुओं द्वारा निष्कासित तथा बल और शारीरिक कान्ति से विहीन अपने प्राण बचाया हुआ रुक्मी यह नहीं भूल पाया कि उसको किस तरह विरूपित किया गया था। हताश हो जाने के कारण उसने अपने रहने के लिए एक विशाल नगरी बनवाई जिसका नाम उसने भोजकट रखा।

52 चूँकि उसने प्रतिज्ञा की थी कि "मैं तब तक कुण्डिन में प्रवेश नहीं करूँगा जब तक दुष्ट कृष्ण को मारकर अपनी छोटी बहन को वापस नहीं ले आता" अतः रुक्मी हताश होकर उसी स्थान पर रहने लगा।

53 हे कुरुओं के रक्षक, इस तरह भगवान सारे विरोधी राजाओं को हराकर भीष्मक की पुत्री को अपनी राजधानी ले आए और वैदिक आदेशों के अनुसार उससे विवाह कर लिया।

54 हे राजन, उस समय यदुपुरी के सारे घरों में महान उत्साह था क्योंकि उसके नागरिक यदुओं के एकमात्र प्रधान कृष्ण से प्रेम करते थे।

55 प्रसन्नता से पूरित होकर एवं चमकीली मणियों तथा कुण्डलों से अलंकृत सारे स्त्री-पुरुष विवाह के उपहार ले आये जिन्हें उन्होंने अति सुन्दर वस्त्र पहने वर-वधू को आदरपूर्वक भेंट किया।

56 वृष्णियों की नगरी अत्यन्त सुन्दर लग रही थी, ऊँचे ऊँचे मांगलिक खम्भे तथा फूल-मालाओं, कपड़े के झण्डों और बहुमूल्य रत्नों से अलंकृत तोरण भी थे। प्रत्येक दरवाजे पर भरे हुए मंगल घट, अगुरु से सुगन्धित धूप तथा दीपक सजे थे।

57 नगरी की सड़कों का छिड़काव उन उन्मुक्त हाथियों द्वारा हुआ था, जो विवाह के अवसर पर अतिथि बनकर आये प्रिय राजाओं के थे। इन हाथियों ने सारे द्वारों पर केले के तने तथा सुपारी के वृक्ष रखकर नगरी की शोभा और भी बढ़ा दी थी।

58 कुरु, सृञ्जय, कैकय, विदर्भ, यदु तथा कुन्ति वंश वाले लोग, उत्तेजना में इधर-उधर दौड़ते लोगों की भीड़ में, एक-दूसरे से उल्लासपूर्वक मिल रहे थे।

59 सारे राजा तथा उनकी पुत्रियाँ रुक्मिणी-हरण के उस वृतान्त को सुनकर अत्यन्त चकित थे, जो सर्वत्र गीत के रूप में गाया जा रहा था।

60 द्वारका के निवासी समस्त ऐश्वर्य के स्वामी कृष्ण को लक्ष्मी स्वरूप रुक्मिणी से संयुक्त देखकर अत्यधिक प्रमुदित थे।

(समर्पित एवं सेवारत – जगदीश चन्द्र चौहान)

 

E-mail me when people leave their comments –

You need to be a member of ISKCON Desire Tree | IDT to add comments!

Join ISKCON Desire Tree | IDT

Comments

  • 🙏हरे कृष्ण हरे कृष्ण - कृष्ण कृष्ण हरे हरे
    हरे राम हरे राम - राम राम हरे हरे🙏
  • हरे कृष्ण हरे कृष्ण कृष्ण कृष्ण हरे हरे💐💐
    हरे राम हरे राम राम राम हरे हरे 💐💐💐
This reply was deleted.